आत्मा का स्वराज्य

0
194

मनमोहन कुमार आर्यramnath
डा. रामनाथ वेदालंकार जी वेदों के प्रसिद्ध विद्वान थे। अनेक विद्वानों के श्रीमुख से हमने उनके लिए वेदमूर्ति सम्बोधन द्वारा उनका यशोगान भी सुना है। उनकी मृत्यु पर मूर्धन्य विद्वानों ने विवेचना पूर्वक उन्हें मोक्षपद का उत्तराधिकारी भी कहा था। हमारा सौभाग्य है कि हमें उनके साथ जीवन का कुछ समय व्यतीत करने का अवसर मिला और हमने उन्हें बहुत निकट से देखा है। अनेक विषयों पर उनसे चर्चायें कीं और उनसे समाधान प्राप्त किये। वैदिक विद्वान डा. रामनाथ वेदालंकार जी ने विस्तृत संस्कृत-हिन्दी सामवेद भाष्य सहित वेदों पर अनेक ग्रन्थों का प्रणयन किया जो वेद पिपासुओं के लिए अमृत के समान हैं। ‘वेद मंजरी’ उनकी एक प्रसि़द्ध कृति है जिसमें उन्होंने चार वेदों से चुनकर 365 वेद मन्त्रों की आनन्दरस से युक्त मन व आत्मा को झंकृत करने वाली व्याख्यायें की है। हमने उनके प्रायः सभी ग्रन्थों को पढ़कर उस अमृत रस का पान किया है जिसे उन्होंने अपने जीवन भर की तपस्या से प्राप्त कर वेद प्रेमियों को अपने ग्रन्थों के माध्यम से वितरित किया है। आज हम इस लेख में वेद मंजरी से ऋग्वेद के 2.8.5 मन्त्र की भावूपर्ण ज्ञानवर्धक व्याख्या को प्रस्तुत कर रहे हैं। यह मन्त्र हैः

अत्रिमनु स्वराज्यम्, अग्निमुक्थानि वावृधुः।
विश्वा अधि श्रियो दधे।।

इस मन्त्र का ऋषि मृत्समदः, देवता अग्निः तथा छन्द निचृद् गायत्री है। मन्त्र का पदार्थ हैः (स्वराज्यम् अनु) स्वराज्य के पश्चात् (अत्रिम् अग्निम्) त्रिविध सन्तापों एवं त्रिविध दोषों से रहित आत्मा को (उक्थानि) स्तुति गीत (वावृधुः) बढ़ाते हैं। (वह आत्मा) (विश्वा) समस्त (श्रियः) शोभाओं को (अधि दधे) धारण कर लेता है।

वेदों के मर्मज्ञ विद्वान आचार्य डा. रामनाथ वेदालंकार जी ने इस मन्त्र की व्याख्या करते हुए लिखा है कि ‘कर्मफल भोगने तथा नवीन कार्य करने के लिए शरीर में आया हुआ मनुष्य का जीवात्मा बहुत बार त्रिविध दुःखों से संतप्त होता रहता है। ये त्रिविध दुःख हैं–आध्यात्मिक दुःख, आधिभौतिक दुःख, आधिदैविक दुःख। दुःख तो तीनों ही मन द्वारा आत्मा को अनुभव होते हैं, पर दुःखों का कारण त्रिविध होने से दुःख त्रिविध कहे गये हैं। आध्यात्मिक दुःख किसी मनोवांछित दिव्य पदार्थ प्राप्त न होने के कारण, अध्यात्म-साधना के विफल होने के कारण या आत्मा, मन, बुद्धि आदि के सदोष हो जाने के कारण अनुभूत होते हैं। आधिभौतिक दुःख शरीर एवं इन्द्रियों के रूग्ण, अशक्त आदि हो जाने के कारण होते हैं। आधिदैविक दुःख अतिवृष्टि, अनावृष्टि, विद्युत्पात, दुर्भिक्ष, भूकम्प आदि दैवी उपद्रवों के कारण होते हैं। आत्मिक, वाचिक और शारीरिक दोष अथवा आत्मा, मन एवं शरीर के दुःख भी त्रिविध सन्ताप कहलाते हैं। ये सब त्रिविध दुःख सन्ताप या दोष जिस आत्मा में नहीं रहते वह आत्मा ‘अ-त्रि’ कहलाता है। वह ‘अ-त्रि’ ही आत्म-स्वराज्य का अधिकारी होता है। अन्यथा जब तक मनुष्य का आत्मा त्रिविध दुःखों या दोषों से संतप्त रहता है, तब तक वह अपने शरीर मन, प्राण, इन्द्रिय आदि प्रजाओं का सर्वतन्त्र-स्वतन्त्र अधीश्वर नहीं कहला सकता। ‘अत्रि’ होकर आत्मा जब स्वराज्य प्राप्त कर लेता है, अपनी इच्छानुसार मन, बुद्धि, प्राण, इन्द्रिय, शरीर आदि को संचालित करने लगता है, तब ‘उक्थ’ अर्थात् मन, इन्द्रियों आदि द्वारा किये जानेवाले स्तुति गीत उसे बढ़ाने लगते हैं, समृद्ध और महिमान्वित करने लगते हैं। इस स्वराज्य के पश्चात् आत्मा समस्त श्रियों को, शोभाओं को, धारण कर लेता है। राष्ट्र में एक सम्राट की जो स्थिति होती है, वह शरीर में उसकी हो जाती है। जैसे स्वराज्य-काल में राष्ट्र में एक सम्राट् की जो स्थिति होती है, वह शरीर में उसकी हो जाती है। जैसे स्वराज्य-काल में राष्ट्र की समस्त गतिविधियां उसके सम्राट् के अधीन होती है, कोई उसके साथ विद्रोह नहीं कर सकता, वह सर्वविध शोभाओं से सम्पन्न होता है, वैसे ही स्वराज्यावस्था में आत्मा भी श्री-सम्पन्न, दैवी-सम्पदाओं से युक्त तथा दुष्प्रवृत्तियों के उपद्रवों से विहीन हो जाता है। आओ, हम भी आत्मा को ‘अत्रि’ बनायें, स्वराज्य का आराधक बनायें, स्तुतियों का पात्र बनायें और अन्ततः उसे समस्त आध्यात्मिक शोभाओं एवं गरिमाओं से अलंकृत कर लें।’

वेदों का स्वाध्याय करने से मनुष्य का आत्मा वेदों के कर्ता ईश्वर व वेद के व्याख्याकार की आत्मा से जुड़ जाता है और इस स्वाध्याय से उसके गुणों में वृद्धि व अवगुणों का नाश होता है। वेदों के स्वाध्याय से वर्तमान जीवन उन्नति को प्राप्त होता है साथ हि परजन्म भी सुधरता है। वेदों के स्वाध्याय के अनेक लाभ हैं, हानि कुछ भी नही। अतः सबको वेदों का स्वाध्याय कर ईश्वर और अपने पूर्वज ऋषियों की आज्ञा ‘स्वाध्यायान् मा प्रमदः’ का पालन कर निश्चिन्त होना चाहिये। इसी के साथ हम डा. रामनाथ वेदालंकार जी की उक्त वेदमन्त्र व्याख्या पाठकों को सादर भेंट करते हैं।
-मनमोहन कुमार आर्य

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here