दक्षिण भारत में बाढ़ का कहर, 20 लाख लोग प्रभावित

दक्षिण भारत के कर्नाटक और आंध्र प्रदेश में मुसलाधार बारिश और बाढ़ की वजह से अबतक करीब दो सौ लोगों की जानें जा चुकी हैं। दोनों राज्यों के सैकड़ों गांव बाढ़ की चपेट में हैं और 20 लाख लोगों के प्रभावित होने का अनुमान है। प्रभावित इलाकों में राहत और बचाव कार्य युद्ध स्तर पर जारी है।

कर्नाटक में बाढ़ की चपेट में आने से अब तक 170 लोगों की मौत हो गई है। जबकि आंध्र प्रदेश में यह संख्या 33 है। कर्नाटक में 10 जिलों के सैकड़ों गांव और आंध प्रदेश में तीन शहरों के साथ ही 200 से अधिक गांव अब भी बाढ़ के चपेट में हैं।

कर्नाटक में सबसे अधिक प्रभावित 10 जिलों के विभिन्न इलाकों में राहत और पुनर्वास कार्य को तेज गति से चलाया जा रहा है। हजारों लोगों को राहत शिविरों में पहुंचाया गया है। यहां 598 पुनर्वास केंद्रों और राहत शिविरों में करीब 177,500 लोग शरण लिए हुए हैं।

ऐसी खबर आई है कि प्रधानमंत्री डा. मनमोहन सिंह मंगलवार को दोनों राज्यों के बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा करेंगे।

कांग्रेस की पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी भी इन क्षेत्रों का हवाई दौरा करने वाली हैं। कर्नाटक के मुख्यमंत्री बीएस.येदियुरप्पा ने प्रधानमंत्री से आग्रह किया है इस विभीषिका को राष्ट्रीय आपदा घोषित किया जाए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here