दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी ने किया बूथ लेवल कार्यकर्ताओं का पंच-परमेश्वर सम्मेलन। भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने आम आदमी पार्टी पर भ्रष्टाचार का लगाया आरोप। वरिष्ठ नेता वेंकैया नायडू समेत अनेक प्रमुख नेताओं ने किया सम्मेलन को सम्बोधित।
शनिवार को दिल्ली के रामलीला मैदान में दिल्ली भाजपा द्वारा ‘पंच परमेश्वर सम्मेलन’ का आयोजन किया गया। इस सम्मेलन में दिल्ली के 13 हजार 372 मतदान बूथों में से प्रत्येक बूथ से 5-5 बूथ कार्यकर्ता हिस्सा लेने पहुंचे। सम्मेलन को संबोधित करते हुए भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने आम आदमी पार्टी की सरकार को घोटालों की सरकार करार दिया।

रामलीला मैदान में अमित शाह ने भाजपा कार्यकर्ताओं से कहा कि वो दिल्ली सरकार के घोटालों के खिलाफ अभियान चलाएं। रामलीला मैदान पर पंच परमेश्वर बूथ सम्मेलन को केंद्रीय मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता वेंकैया नायडू ने भी संबोधित किया. उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार की ओछी राजनीति के कारण दिल्ली तरक्की नहीं कर पा रही है.

दिल्ली के भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी ने पंच परमेश्वर बूथ सम्मेलन में कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार ने दिल्ली के साथ अन्याय किया है और अब भाजपा दिल्ली को न्याय दिलाएगी. भाजपा अपनी तैयारी इस तरीके से कर रही है कि वो दिल्ली विधानसभा चुनाव में मिली हार का बदला एमसीडी चुनाव में ले सके।

वर्तमान में दिल्ली के तीनों नगर निगमों पर भाजपा का कब्जा है। भाजपा ने इस बार के निगम चुनाव में नए चेहरों को टिकट देने का ऐलान किया है।