पुणे में एलिवेटेड मेट्रो जल्द- वैंकेया नायडू
मुंबई,। केंद्रीय शहरी विकास एवं संसदीय कार्यमंत्री वैंकेया नायडू ने कहा कि पुणे में अंडरग्राउंड मेट्रो की जगह एलिवेटेड मेट्रो की ओर प्रयास किया जा रहा है। केंद्र सरकार को एक साल पूरा होने के उपलक्ष्य में भाजपा देशभर में ‘जनकल्याण पर्व’ मना रही है। इसी कड़ी में पुणे पहुंचे वैंकेया ने यह जानकारी देते हुए कहा कि देश में सबसे ज्यादा स्मार्ट सिटी महाराष्ट्र में बनेंगी, क्योंकि यहां शहरीकरण अधिक है। प्रोजेक्ट की गाइड लाइन तैयार है। सरकार स्मार्ट सीटी प्रोजेक्ट कभी भी लॉन्च कर सकती है।
मीडिया से बात करते हुए वैंकेया ने बताया कि केंद्र सरकार ने सार्वजनिक निजी भागीदारिता (पीपीपी) के आधार पर सौ शहरों को स्मार्ट सिटी बनाने का महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट की घोषणा की है। स्मार्ट सिटी के लिए शहरों का चयन करते वक्त वहां कि आबादी, रोजगार निर्माण, कर प्रणाली जैसे अन्य मापदंडों पर विचार किया जाएगा। इसके मार्गदर्शक तत्वों को अंतिम रूप देने का काम जारी है। केंद्र सरकार इस प्रोजेक्ट पर 1 लाख करोड़ खर्च करेगी। इसके लिए राज्य सरकारों को भी पीपीपी के तौर पर निधि की व्यवस्था करनी होगी। स्मार्ट सिटी के लोगों को यूजर चार्जेस देने होंगे। स्मार्ट सिटी का चयन करने का अधिकार राज्यों को है। केंद्रीय शहरी विकास मंत्री वेंकैया नायडू ने राकांपा अध्यक्ष शरद पवार के लिए अच्छे बोल बोले। उनका कहना है कि वह पवार की ‘बुद्धिमत्ता और अनुभव’ का सम्मान करते हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पवार के बारे में दिए बयान जिसमें उन्होंने कहा था कि वह (मोदी) बारामती की यात्रा के रान पूर्व केंद्रीय कृषि मंत्री से मुलाकात करते हैं, इसपर नायडू ने कहा, ‘‘पवार एक अनुभवी व्यक्ति हैं और मैं एक मंत्री के रूप में उनकी बुद्धिमत्ता का सम्मान करता हूं।’’ नायडू यहां राजग शासनकाल के एक साल के दौरान मोदी सरकार की उपलब्धियों को बताने आए थे। उन्होंने यह भी कहा, ‘पवार जमीन के साथ जुड़े हुए व्यक्ति हैं।’