amit sah भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने रविवार को यहां संपन्न आठ उत्तरी राज्यों की महासम्पर्क अभियान की समीक्षा बैठक में कहा कि हम 11 करोड़ शुभचिंतक सदस्यों को केवल सत्ता पाने का हथियार नहीं मानेंगे बल्कि संवेदनशीलता के साथ राष्ट्र निर्माण में सहयोगी बनाएंगे।

अमित शाह ने घोषणा की कि महासम्पर्क अभियान के बाद संगठन को और सुदृढ़ करने के लिए प्रशिक्षण वर्गों का आयोजन होगा जिनमें बौद्धिक को राजनीतिक वातावरण से जोड़ा जायेगा और हम 15 लाख कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित करने का लक्ष्य लेकर चलेंगे।

कार्यकर्ताओं को विपक्ष के दुष्प्रचार से भ्रमित न होने का आवाह्न करते हुये भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि कार्यकर्ता नेतृत्व की उपलब्धियों पर चर्चा करें। हमें गर्व है कि विश्व का सर्वाधिक प्रसिद्ध राजनेता आज भारत के प्रधानमंत्री हैं। उन्होंने कहा कि यदि हम इन पांच वर्षों में अपनी उपलब्धियों के आधार पर जनता के हृदय में स्थान बनायेंगे तो जनता भी हमें आगामी दशकों तक सेवा का लगातार मौका देती रहेगी।

वंदेमातरम् एवं राष्ट्र गीत से प्रारम्भ हुई बैठक में भाजपा के संगठन महामंत्री रामलाल ने पार्टी में नये दायित्व प्राप्त पदाधिकारियों का परिचय कराने के साथ-साथ कार्यकर्ताओं से जमीनी स्तर पर गतिविधियों को तेज करने का आवाह्न किया। दिल्ली प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सतीश उपाध्याय ने अपने स्वागत भाषण में कहा कि हमें आज गर्व है कि राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के नेतृत्व में भाजपा विश्व की सबसे बड़ी लोकतांत्रिक पार्टी बन गई है। उन्होंने सभी प्रदेशों से आये प्रतिनिधियों का स्वागत किया।

बैठक में पार्टी के राष्ट्रीय पदाधिकारियों के साथ जम्मू कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, चंडीगढ़, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान, दिल्ली एवं उत्तराखंड के प्रदेश पदाधिकारी, सांसद, विधायक, महासम्पर्क अभियान प्रमुख एवं सह-प्रमुख तथा डिजीटल टीम के सदस्य सम्मिलित हुये। उपस्थित राष्ट्रीय पदाधिकारी एवं केन्द्रीय मंत्रियों में प्रमुख थे रामलाल, भूपेन्द्र यादव, जगत प्रकाश नड्डा, चौ. बीरेन्द्र सिंह, डाॅ. हर्ष वर्धन,  प्रभात झा, अविनाश राय खन्ना, श्याम जाजू, सरोज पाण्डेय, अरूण सिंह, कैलाश विजयवर्गी, डाॅ. अनिल जैन, सुजान सिंह, श्रीकान्त शर्मा, सरदार आर पी सिंह,  महेश गिरी, फारूख खान, महेन्द्र पाण्डेय शामिल थे।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *