download11 दिन बाद मुख्यमंत्री कार्यालय में लौटी रौनक
लखनऊ,। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव 11 दिन बाद सोमवार को अपने कार्यालय में बैठे। उनके बैठने से लम्बे समय बाद मुख्यमंत्री कार्यालय में रौनक लौट आयी है। अखिलेश यादव अपनी सांसद पत्नी डिंपल यादव के साथ 21 मई से फ्रांस और नीदरलैंड की यात्रा पर थे।
मुख्यमंत्री दस दिन की विदेश यात्रा के बाद रविवार को दिल्ली लौटे। आज वह लाल बहादुर शास्त्री भवन (एनेक्सी) स्थित अपने कार्यालय में काफी देर तक बैठे, जिससे वहां काफी तेज हलचल दिखी। माना जा रहा है आज मुख्यमंत्री कई अहम फैसलों पर निर्णय ले सकते हैं।
अखिलेश यादव के आते ही सूबे की सियासी गतिविधियों में भी तेजी आने की उम्मीद बढ़ी है। विधान परिषद में नौ सदस्यों के मनोनयन पर लोगों की निगाहें टिकी हैं। राज्यपाल के कुछ बिन्दुओं पर आपत्ति उठाये जाने के बाद सरकार का प्रस्ताव अभी अधर में है।
संकेत यह भी मिले हैं कि मुख्यमंत्री एक दो दिन में बड़े पैमाने पर पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों के तबादले भी करेंगे।
गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश के व्यापारिक रिश्तों को मजबूत करने पत्नी डिंपल यादव तथा अन्य प्रतिनिधियों के साथ मुख्यमंत्री अखिलेश यादव दस दिन के लिए फ्रांस और नीदरलैंड के दौरे पर थे। मुख्यमंत्री ने वहां इत्र उद्योग को लेकर जानकारी हासिल की। माना जा रहा है कि उनके इस दौरे के बाद जल्द ही कन्नौज में नई तकनीक से इत्र उद्योग का एक प्लांट शुरू किया जाएगा।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *