अखिलेश ने मोदी को दी विकास के मुद्दे पर बहस की चुनौती
अखिलेश ने मोदी को दी विकास के मुद्दे पर बहस की चुनौती

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को सूबे के विकास के मुद्दे पर सीधी बहस की चुनौती देते हुए कहा कि भाजपा के लोग चुनाव का मैदान हार चुके हैं, इसीलिये उनकी भाषा बदल गयी है।

अखिलेश ने यहां पार्टी प्रत्याशियों के समर्थन में आयोजित चुनावी सभाओं में कहा, ‘‘प्रधानमंत्री अगर बहस करना चाहते हैं तो इधर-उधर की बात ना करें। हम तो खुला कहते हैं कि अगर प्रधानमंत्री विकास कार्यो में हमसे बहस करना चाहें तो हम तैयार हैं। हम पूछते हैं कि आपने यूपी में क्या काम किया, हम भी बताएंगे कि हमने क्या किया।’’ उन्होंने कहा ‘‘खिसियाता वही है जो लड़ाई हार जाता है। पुरानी बातें वहीं करता है जो पिछड़ जाता है। प्रधानमंत्री जी हमारे उत्तर प्रदेश को मत उलझाइये। अगर आप यूपी गोद लिये हुए बेटे हैं, तो हम तो यूपी के ही हैं, हमें कौन गोद लेगा।’’ अखिलेश ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी इतनी बड़ी कुर्सी पर बैठकर इतनी छोटी बातें कर रहे हैं, यह उन्हें शोभा नहीं देता। मोदी का दिल दिल्ली में नहीं लगता। यही वजह है कि वह उत्तर प्रदेश में जगह-जगह घूम रहे हैं। अगर उनका दिल दिल्ली में नहीं लग रहा है तो अदला बदली कर लें।

मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री कितने बड़े पद पर हैं और वह झगड़ा हमसे कर रहे हैं। भाजपा वाले लोग मैदान में हार चुके हैं, इसीलिये उनकी भाषा बदल गयी है, वह चुनाव को ना जाने किस रास्ते पर ले जाना चाहते हैं। हम तो उसे सिर्फ विकास के रास्ते पर जाना चाहते हैं।’’ अखिलेश ने तंज किया, ‘‘हमने तो क से कबूतर पढ़ा है। आप हमें क्या पढ़ा रहे हैं। इस बार उत्तर प्रदेश की जनता आपका कबूतर उड़ा देगी।’’ मुख्यमंत्री ने भाजपा पर हमला करते हुए कहा, ‘‘भाजपा वाले बताएं कि पहले तो आप लैपटाप को झुनझुना बोलते थे, अब आपने उसे अपने घोषणापत्र में क्यों शामिल कर दिया। भाजपा कहती है कि हमने भेदभाव से लैपटाप बांटा। आप किसी से भी पूछ लीजिये कि मेधावी बच्चों को लैपटाप मिला कि नहीं। भाजपा से ज्यादा गुमराह करने वाला कोई नहीं है।’’

( Source – PTI )

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *