सुकमा हमला, एक नक्सली का मिला शव
सुकमा हमला, एक नक्सली का मिला शव

छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित सुकमा जिले में सुरक्षा बल ने बुरकापाल इलाके से एक नक्सली का शव बरामद किया है। पुलिस के मुताबिक इस घटना में कई नक्सली हताहत हुए हैं।

राज्य के विशेष पुलिस महानिदेशक :नक्सल अभियान: डीएम अवस्थी ने आज यहां भाषा को बताया कि सुकमा जिले के चिंतागुफा थाना क्षेत्र के अंतर्गत बुरकापाल गांव के करीब सुरक्षा बल ने एक नक्सली का शव बरामद किया है। यह शव घटनास्थल से लगभग पांच सौ मीटर की दूरी पर बरामद हुआ , जहां सोमवार को नक्सलियों ने पुलिस दल पर हमला किया था।

इस हमले में कंेद्रीय रिजर्व पुलिस बल के 25 जवान शहीद हो गए थे तथा सात अन्य घायल हुए हैं।

अवस्थी ने बताया कि घटना के दूसरे दिन भी क्षेत्र में नक्सली गतिविधि की जानकारी मिली थी। तब वहां सुरक्षा बल को गश्त के लिए रवाना किया गया था। वहीं घटना के बाद क्षेत्र में लगातार सुरक्षा बल के जवान अभियान पर हैं।

उन्होंने बताया कि तलाशी अभियान के दौरान सुरक्षा बल ने गुरवार रात एक नक्सली का शव बुरकापाल क्षेत्र में ही बरामद किया। पुलिस के मुताबिक यह शव सोमवार की घटना के दौरान मारे गए नक्सली का है जिन्हें उनके साथी अपने साथ ले जाने की कोशिश कर रहे थे।

वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि बुरकापाल घटना के दौरान सुरक्षा बल के जवानों ने जवाबी कार्रवाई की थी। इस घटना में कई नक्सलियों से मारे जाने और घायल होने की संभावना जताई गई है।

उन्होंने बताया कि क्षेत्र में नक्सलियों के खिलाफ अभियान जारी है तथा नक्सलियों की खोज की जा रही है। मारे गए नक्सली की पहचान अभी तक नहीं हुई है।

( Source – PTI )

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *