झारखंड के मुख्यमंत्री रघुवर दास ने आज यहां कहा कि राज्य में 2016 नियुक्तियों और नये रोजगार का वर्ष होगा और बड़े पैमाने पर रिक्त पदों पर योग्य लोगों की नियुक्ति कर विकास को गति प्रदान की जायेगी।
मुख्यमंत्री रघुवर दास ने आज यहां मद्य निषेध विभाग में नियुक्त 85 अवर निरीक्षकों एवं सहायक अवर निरीक्षकों को नियुक्ति पत्र प्रदान करने के बाद अपने वक्तव्य में यह बात कही।
मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड में विकास की गति को बढ़ाना और उसे देश के अग्रणी राज्यों में शामिल करना उनकी सरकार का लक्ष्य है। लेकिन इसके लिए विभिन्न सरकारी विभागों में रिक्त पदों को भरना आवश्यक है। इसी उद्देश्य से उनकी सरकार ने वर्ष 2016 को नियुक्तियों का वर्ष घोषित किया है।
उन्होंने कहा कि इस वर्ष विभिन्न विभागों में लगभग एक लाख नियुक्तियां की जायेंगी, जिसका सीधा लाभ राज्य के बेरोजगार युवकों को मिलेगा और इतने बड़े पैमाने पर नयी नियुक्तियों से राज्य के विकास को गति देने में सहूलियत होगी।
दास ने कहा कि अच्छे प्रशासन से ही जनता का विश्वास जीता जा सकता है और ईश्वर ने यह अवसर उनकी सरकार को दिया है। साथ ही नये कर्मचारियों को भी उन्होंने इस अवसर का सदुपयोग करने के लिए कहा।
( Source – पीटीआई-भाषा )