वास्तुकार चार्ल्स कोरिया के निधन पर मोदी ने शोक जताया
नई दिल्ली, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ‘भारत भोपाल भवन’ और दिल्ली नेशनल क्राफ्ट म्यूजि़यम जैसे मशहूर भवनों को आकार देने वाले विख्यात वास्तुकार चार्ल्स कोरिया के निधन पर आज गहरा शोक जताया।पद्म विभूषण से सम्मानित और अहमदाबाद के साबरमती आश्रम में महात्मा गांधी संग्राहलय, जयपुर में जवाहर कला केन्द्र और नवी मुंबई आदि के वास्तुकार कोरिया के निधन पर प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘प्रख्यात वास्तुकार चार्ल्स कोरिया के निधन पर मैं गहरा शोक व्यक्त करता हूं। उनकी आत्मा को शांति मिले।’’ उन्होंने कहा, ‘‘चार्ल्स कोरिया के वास्तु चमत्कार, व्यापक रूप से उनकी प्रतिभा, नवीन उत्साह और अद्भुत सौंदर्य बोध को दर्शाते हैं।’’ चार्ल्स कोरिया का कल निधन हो गया। वह 84 साल के थे।इस प्रख्यात वास्तुकार ने भोपाल में मध्य प्रदेश विधानसभा, भारत भोपाल भवन, दिल्ली में नेशनल क्राफ्ट म्यूजि़यम, ब्रिटिश काउंसिल, कोलकाता के साल्ट लेक क्षेत्र में सिटी सेंटर सहित देश विदेश में कई मशहूर भवनों और शहरों को डिजाइन किया।