पुडुचेरी में कांग्रेस-द्रमुक गठबंधन को बहुमत
पुडुचेरी में कांग्रेस-द्रमुक गठबंधन को बहुमत

पुडुचेरी में सत्तारूढ़ एआईएनआरसी को पीछे छोड़ते हुए कांग्रेस-द्रमुक गठबंधन ने आज बहुमत हासिल कर लिया।

चुनाव आयोग के अनुसार इस केंद्र शासित प्रदेश की 30 सीटों में से कांग्रेस को 15 और उसकी सहयोगी द्रमुक को दो सीटे मिली हैं।

मुख्यमंत्री एन रंगासामी के लिए यह बड़ा झटका है जो चौथी बार मुख्यमंत्री बनने की कोशिश कर रहे थे। उनकी पार्टी एआईएनआरसी को महज आठ सीटें मिली हैं।

शुरू में सत्तारूढ़ एआईएनआरसी और कांग्रेस के बीच कांटे की टक्कर चल रही थी, लेकिन बाद में इस गठबंधन ने रंगासामी की पार्टी पर बढ़त बना ली।

अकेले चुनाव लड़ने वाली अन्नाद्रमुक को चार सीटें मिली हैं।

मुख्यमंत्री एन रंगासामी ने इंदिरानगर विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस के उम्मीदवार वी अरूमगम को 3,404 मतों के अंतर से पराजित किया।

रंगासामी ने साल 2011 में कांग्रेस से अलग होकर आईएनआरसी का गठन किया था।

एआईएनआरसी, भाजपा और अन्नाद्रमुक ने अकेले चुनाव लड़ा जबकि कांग्रेस और द्रमुक ने गठबंधन किया था। कांग्रेस ने 21 और द्रमुक ने शेष सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे हैं।

साल 2011 के विधानसभा चुनाव में रंगास्वामी की ऑल इंडिया एनआर कांग्रेस और जयललिता की अन्नाद्रमुक ने गठबंधन किया था। एआईएनआरसी को 15 और अन्नाद्रमुक को पांच सीटें हासिल हुई थीं। कांग्रेस को सात और द्रमक को दो सीटें मिली थीं। एक सीट पर निर्दलीय उम्मीदवार विजयी हुआ था।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *