आदमी की जान लेना भी तो कारोबार है…..

इक़बाल हिंदुस्तानी

0देश उनकी गोद में जाने को अब तैयार है,

राजनीति जिनकी ख़ानाजंगी का आधार है।

 

0ताक़तों दौलत के बल पर छिन रही पतवार है,

और कश्ती का असल मालिक यहां लाचार है।

 

0किसमें हिम्मत है कि पूछे उसका क्या किरदार है,

ऐब चाहे हों हज़ारों आदमी ज़रदार है।

 

0देर से इंसाफ़ मिलना भी कोई इंसाफ़ है,

फ़र्क़ कुछ पड़ता नहीं फिर जीत भी तो हार है ।

 

0भूख दौलत की हमें किन रास्तों पर ले गयी,

आदमी की जान लेना भी तो कारोबार है।

 

0फ़ायदा आये नज़र तो कुछ भी छप जाये ख़बर,

खुद ख़बर बनता नहीं वो मालिके अख़बार है।

 

0हमने अपने लालचों में कितने झगड़े कर लिये,

इन सभी झगड़ों का हल मेरी नज़र में प्यार है।

 

0काफ़िये की बंदिशें और शर्तेफ़न सब कुछ नहीं,

शायरी दिल से ना हो तो शायरी बेकार है।।

 

नोट-ख़ानाजंगीः गृहयुध्द, किरदारः चरित्र, ज़रदारः धनवान, काफ़ियाः ग़ज़ल की तुक, शर्तेफ़नः विधा के नियम

Previous articleसरकार को अश्लील एसएमएस की चिंता, बढ़ते बलात्कारों की नहीं?
Next articleकविता- सारा जहाँ हमारा है….
इक़बाल हिंदुस्तानी
लेखक 13 वर्षों से हिंदी पाक्षिक पब्लिक ऑब्ज़र्वर का संपादन और प्रकाशन कर रहे हैं। दैनिक बिजनौर टाइम्स ग्रुप में तीन साल संपादन कर चुके हैं। विभिन्न पत्र पत्रिकाओं में अब तक 1000 से अधिक रचनाओं का प्रकाशन हो चुका है। आकाशवाणी नजीबाबाद पर एक दशक से अधिक अस्थायी कम्पेयर और एनाउंसर रह चुके हैं। रेडियो जर्मनी की हिंदी सेवा में इराक युद्ध पर भारत के युवा पत्रकार के रूप में 15 मिनट के विशेष कार्यक्रम में शामिल हो चुके हैं। प्रदेश के सर्वश्रेष्ठ लेखक के रूप में जानेमाने हिंदी साहित्यकार जैनेन्द्र कुमार जी द्वारा सम्मानित हो चुके हैं। हिंदी ग़ज़लकार के रूप में दुष्यंत त्यागी एवार्ड से सम्मानित किये जा चुके हैं। स्थानीय नगरपालिका और विधानसभा चुनाव में 1991 से मतगणना पूर्व चुनावी सर्वे और संभावित परिणाम सटीक साबित होते रहे हैं। साम्प्रदायिक सद्भाव और एकता के लिये होली मिलन और ईद मिलन का 1992 से संयोजन और सफल संचालन कर रहे हैं। मोबाइल न. 09412117990

1 COMMENT

  1. इन सभी झगड़ों का हल
    —– मेरी नज़र में प्यार है।
    —– शायरी दिल से ना हो
    ——- तो शायरी बेकार है।।
    जब आपकी इन पंक्तियों को देखा तो मुग्ध हुए बिना ना रहा गया|
    सवेरा मोड़ पर ही होगा –कुछ और घन प्रहार करने होंगे|

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here