मिसाइल क्षेत्र के वैश्विक समूह में भारत

0
363

संदर्भः भारत की सबसे शक्तिशाली मिसाइल अग्नि-5 का सफल परीक्षण

प्रमोद भार्गव

 

सफलता की एक नई महागाथा लिखते हुए भारत ने परमाणु क्षमता से युक्त अंतरमहाद्वीपीय बैलिस्टिक मिसाइल अग्नि-5 का सफल परीक्षण किया। 5000 किमी से भी अधिक दूरी पर स्थित लक्ष्य को भेदने में सक्षम इस प्रक्षेपास्त्र को उड़ीसा के अब्दुल कलाम समुद्री द्वीप से आकाश में छोड़ा गया। यह प्रक्षेपण, मोबाइल प्रक्षेपण यान के जरिए किया गया। इस परीक्षण के बाद भारत अब 5 हजार से 55 हजार किमी की दूरी के तक मार करने की मिसाइल क्षमता वाले वैश्विक समूह में शामिल हो जाएगा। अभी तक यह ताकत रूस, अमेरिका, चीन, फ्रांस और ब्रिटेन के पास हैं। हालांकि लंबी दूरी की मारक क्षमता वाली मिसाइल का यह चौथा प्रायोगिक परीक्षण है। पहला परीक्षण 19 अप्रैल 2012 को और दूसरा 15 सितंबर 2013 को किया गया था और तीसरा परीक्षण 10 सितंबर 2016 को किया गया। चौथा परीक्षण 26 दिसंबर 2016 को सुबह 11 बजे किया गया। इन मिसाइलों की खास बात यह है कि ये सभी स्वदेश में ही विकसित की गई तकनीकों से आविश्क्रित की गई हैं। इससे जाहिर होता है कि हमारे वैज्ञानिकों को प्रयोग के उचित अवसर और वातावरण दे दिए जाएं तो वे अपनी मेधा का उपयोग करके वैज्ञानिक आविष्कारों के क्षेत्र में क्रांति ला सकते है।

20 मिनट में 5 हजार किलोमीटर की दूरी तक का अचूक निशाना साधने वाली बैलेस्टिक मिसाइल का परीक्षण देश के लिए सामरिक दृष्टि से तो महत्वपूर्ण हैं ही, सेना एवं जनता का मनोबल मजबूत करने की दृष्टि से भी महत्वपूर्ण है। क्योंकि हमें यह कामयाबी आशंकाओ के उस संक्रमण काल में मिली है, जब भारत चीन से पिछड़ रहा है और देश की सुरक्षा संबंधी नीतियां बहुराष्ट्रीय कंपनियों के हवाले करने के उद्देष्य से बनाई जा रही हैं। इन प्रयोगों से साबित हुआ है कि वैज्ञानिक अनुसाधनों में नवोन्मेष के लिए पूंजीपतियों की शरण में जाने की जरूरत नहीं है ? मसलन शोध केंद्र्रो में निजी पूंजी निवेश जरूरी है, ऐसी विरोधावासी अटकलों में 85 प्रतिशत स्वदेशी तकनीक से निर्मित अग्नि 5 यह उम्मीद जगाती है कि हम देशज ज्ञान, स्थानीय संसाधन और बिना किसी बाहरी पूंजी के वैज्ञानिक उपलब्धियां हासिल करने में सक्षम हैं। वैसे भी पश्चिमी देशों ने भारत को मिसाइल तकनीक देने पर प्रतिबंध लगाया हुआ है। इस लिहाज से अग्नि 5 की उपलब्धि पश्चिमी देशों के लिए भी आईना दिखाना है। सामरिक महत्व के हथियार यदि हम अपने ही बूते बनाएगें तो हमारी गोपनीयता भंग होने का खतरा भी नही रहेगा ?

भारत मे रक्षा उपकरणों की उपलब्धता की दृष्टि से प्रक्षेपास्त्र क्षृंखला प्रणाली की अहम भूमिका है। अब तक इस कड़ी में देश के पास पृथ्वी से वायु में और समुद्री सतह से दागी जा सकने वाली मिसाइलें ही उपलब्ध थीं लेकिन अग्नि 5 ऐसी अद्भुत मिसाइल हैं, जो सड़क और रेलमार्ग पर चलते हुए भी दुश्मन पर हमला बोल सकती है। इस श्रृंखला में अग्नि-1 की मारक क्षमता 700 किमी, अग्नि-2 की 2000 किमी, अग्नि-3 की 3000 किमी, अगिन-4 की 3500 किमी और अग्नि – 5 की 5000 किमी है। हालांकि हमारा जन्मजात दुश्मन देश पाकिस्तान भी मिसाइल निर्माण के क्षेत्र में लगातार प्रकृति कर रहा है। उसके पास शाहीन-एक, 700 किमी, शाहीन-दो, 2000 किमी और शाहीन-तीन, 2750 किमी की मारक क्षमता की मिसाइलें तैयार हैं। वह तैमूर नाम से 5000 किमी तक की मारक क्षमता वाली मिसाइल तैयार करने में भी लगा है।

इनके निर्माण में कैनेस्तर तकनीक का इस्तेमाल किए जाने से इनकी खूबी यह भी है कि जासूसी उपकरण और उपग्रह भी यह मालूम नहीं कर पाएंगे कि इसे कहां से दागा गया है और यह किस दिशा में उड़ान भर रही है। क्योंकि यह तीन चरणों में 800 किमी तक की उचांई पर उड़ान भरने में सक्षम है। इसलिए दुश्मन देश को इसे बीच में ही नष्ट करना नामुमकिन होगा। इसकी खासियत यह भी है कि इसे एक बार छोड़ने के बाद लक्ष्य साधने वाले सैनिक व वैज्ञानिक भी रोक नहीं पाएंगे। 50 टन वजनी इस मिसाइल में एक हजार किलोग्र्राम परमाणु हथियार ले जाने की क्षमता है। इसकी लंबाई 17 मीटर और चौड़ाई 2 मीटर है। अमेरिका को छोड़ संपूर्ण यूरोप, एश्यिा और अफ्रीका इसकी मारक क्षमता के दायरे में होंगे। भारत को बार – बार आखें दिखाने वाले चीन की राजधानी बीजिंग ही नहीं चीन का उत्तर में सबसे दूर बसा नगर हार्बिन भी इसकी मार की जद में आ गया है।

अग्नि 5 के सफल परिक्षण के बाद चीन समेत कई विकसित देशों ने यह आशंका जताई हैं कि इस परीक्षण के बाद एशियाई परिक्षेत्र में हथियारों का भण्डारण करने की होड़ लगेगी। हालांकि यह सच्चाई नहीं है। पाकिस्तान ईरान व कोरिया पहले से ही मिसाइलों के निर्माण और उनके परीक्षण में लगे हैं। विकसित व घातक हथिायारों के कारोबार में लगे देश भी अपने हथियारों को बेचने के लिए कई देशों को उकसाने में लगे रहते हैं। आज पूरी दुनिया को भस्मासुर साबित हो रहे इस्लामिक आंतकवादियों को हथियार मुहैया कराने का काम यूरोपीय देशों ने अपने हथियार खपाने के लिए ही किया था। पाकिस्तान पोषित कश्मीर में आतंकवाद और उड़ीसा व छत्तीसगढ़ में पसरा चीन द्वारा पोषित माओवादी उग्रवाद ऐसी ही बदनीयति का विस्तार हैं। हालांकि इस परीक्षण के बाद भारत के प्रति कालांतर में कई देशों की सामारिक रणनीति में बदलाव देखने को मिल सकता है।

भारत में एकीकृत विकास कार्यक्रम की शुरूआत 1983 में इंदिरा गांधी के कार्यकाल में हुई थी। इसका मुख्य रूप से उद्देश्य देशज तकनीक व स्थानीय संसाधनों के आधार पर मिसाइल के क्षेत्र में आत्मनिर्भरता हासिल करना था। इस परियोजना के अंतर्गत ही अग्नि, पृथ्वी, आकाश और त्रिशूल मिसाइलों का निर्माण किया गया। टैंको को नष्ट करने वाली मिसाइल नाग भी इसी कार्यक्रम का हिस्सा है। पश्चिमी देशों को चुनौती देते हुए यह देशज तकनीक भारतीय वैज्ञानिकों ने इंदिरा गांधी के प्रोत्साहन से इसलिए विकसित की थी, क्योंकि सभी यूरोपीय देशों ने भारत को मिसाइल तकनीक देने से इंकार कर दिया था। भारत द्वारा पोखरण में किए गए पहले परमाणु विस्फोट के बाद रूस ने भी उस आरएलजी तकनीक को देने से मना कर दिया था, जो एक समय तक मिलती रही थी। किंतु एपीजे अब्दुल कलाम की प्रतिभा और सतत सक्रियता  से हम  मिसाइल क्षेत्र में मजबूती से आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ते रहे। सिलसिलेवार मिसाइलों के सफल परीक्षण के कारण ही वैज्ञानिक और पूर्व राष्ट्रपति अब्दुल कलाम को ‘‘मिसाइल मेन’’ अर्थात ’’अग्नि – पुत्र’’ कहा जाने लगा था।

उनकी सेवानिवृत्ति के बाद इस काम को गति दी महिला वैज्ञानिक टीसी थॉमस ने। श्रीमती थामस आईजीएमडीपी में अग्नि 5 अनुसंधान की परियोजना निदेशक हैं। उन्हें भारतीय प्रक्षेपास्त्र परियोजना की पहली महिला निदेशक होने का भी श्रेय हासिल है। 27 साल पहले टीसी थॉमस ने एक वैज्ञानिक की हैसियत से इस परियोजना में नौकरी की शुरूआत की थी। अग्नि 5 से पहले उनका सुरक्षा के क्षेत्र में प्रमुख अनुसांधन ’री एंट्री व्हीकल सिस्टम’ विकसित करना था। इस प्रणाली की विशिष्टता है कि जब मिसाइल वायुमण्डल में दोबारा प्रवेश करती है तो अत्याधिक तापमान 3000 डिग्र्री सेल्सियस तक पैदा हो जाता है। इस तापमान को मिसाइल सहन नहीं कर पाती और वह लक्ष्य भेदने से पहले ही जलकर खाक हो जाती है। आरवीएस तकनीक बढ़ते तापमान को नियंत्रण में रखती हैं, फलस्वरुप मिसाइल बीच में नष्ट नहीं होती। इस उपलब्धि को हसिल करने के बाद से ही टीसी थॉमस को ’मिसाइल लेडी’ अर्थात्  ’अग्नि – पुत्री’ कहा जाने लगा। श्रीमती थॉमस को रक्षा उपकारणों के अनुसांधन पर इतना नाज है कि उन्होंने अपने बेटे तक का नाम लड़ाकू विमान ’तेजस’ के नाम पर तेजस थाॅंमस रखा है। अब्दुल कलाम समुद्री द्वीप पर मोबाईल लांचर से प्रक्षेपित की गई इस अग्नि-5 के प्रेक्षपण में मुक्ष्य भूमिका रक्षा अनुसंधान और विकास संगठन (डीआरडीओ) की रही है। अग्नि मिसाइल के क्षेत्र में इन कड़ियों की उपलब्धियों से यह तय हो गया है कि हम स्वदेशी तकनीकियों से भी रक्षा विज्ञान के क्षेत्र में आत्मनिर्भर हो सकते हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here