गुजरात के मुख्यमंत्री और भारतीय जनता पार्टी के स्टार चुनाव प्रचारक नरेंद्र मोदी ने कहा है कि कुछ-एक राजनीतिक पार्टियों से मिलकर तैयार हुआ तीसरा मोर्चा कोई टिकाऊ विकल्प नहीं है।मोदी ने कहा कि इस तीसरे मोर्चे का माई-बाप कौन है। यह कोई नहीं जानता। यह अवसरवादी लोगों की एक कोशिश भर है। वे गुरुदासपुर लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी और अभिनेता विनोद खन्ना के पक्ष में आयोजित एक रैली को संबोधित कर रहे थे।
मोदी ने कांग्रेस के नेतृत्व में चल रही संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सरकार को भी आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि यूपीए, प्रधानमंत्री पद के असीमित उम्मीदवारों के एक समूह से अधिक कुछ भी नहीं है। वहां तो हर कोई प्रधानमंत्री बनना चाहता है। कांग्रेस पार्टी का कोई भी नेता यह नहीं कह रहा है कि मनमोहन सिंह अगले प्रधानमंत्री के रूप में उसकी पसंद हैं। यह बात केवल राहुल, सोनिया और प्रियंका की ओर से ही कही जा रही है।