किसान की आमदनी बढ़ाने की सार्थक पहल ?

प्रमोद भार्गव
राजग सरकार ने चार साल की लंबी प्रतीक्षा के बाद आखिरकार किसानों की सुध ले ली है। आने वाली खरीफ की 14 फसलों की लागत का कम से कम डेढ़ गुना दाम दिलाने की सरकार पहल कर रही है। भारतीय जनता पार्टी ने 2014 के चुनावी घोषणा पत्र में यह वादा किया भी था। इसे पूरा करना इसलिए जरूरी हो गया था, क्योंकि अक्टूबर-नवंबर में पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव और इसके ठीक चार माह बाद मई 2019 में आम चुनाव होने हैं। हालांकि कुछ खरीफ फसलों का न्यूनतम समर्थन मूल्य पहले से ही लागत मूल्य का डेढ़ गुना है। लेकिन धान, रागी और मूंग आदि का समर्थन मूल्य लागत की डेढ़ गुनी कीमत से कम है। इन फसलों के उत्पादक किसानों को इस मूल्य वृद्धि से सबसे अधिक लाभ होगा। एमएसपी में न्यूनतम 3.7 प्रतिशत और अधिकतम 52.5 फीसदी तक की बढ़ोत्तरी की गई है। इससे सरकारी खजाने पर 33000 करोड़ रुपए का अतिरिक्त भार बढ़ेगा। इस नए मूल्य निधारण से धान की खरीद पर ही 15000 करोड़ रुपए के अतिरिक्त बोझ की उम्मीद हैं। किसानों की आमदनी में यह बढ़ोतरी व्यापक रूप से देशहित में है। क्योंकि इस घोषणा के सामने आने के साथ ही शेयर बाजार में उछाल आया है। सेंसेक्स 267 अंक उछला तो निफ्टी 10,750 के पार चला गया। दरअसल किसान की आमदनी बढ़ने से चैतरफा लाभ होता है। फसलों के प्रसंस्करण से लेकर कृषि  उपकरण और खाद-बीज के कारखानों की गतिशीलता किसान की आय पर ही निर्भर है। मंडियों में आढ़त, अनाज के भरा-भर्ती और यातायात से जुड़े व्यापरियों को भी जीवनदान किसान की उपज से ही मिलता है।
सरकार ने धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य 1550 रुपए से बढ़ाकर 1750 रुपए प्रति क्विंटल कर दिया है। रागी का मूल्य करीब 1000 हजार रुपए बढ़ाकर 1900 रुपए से 2897 रुपए, मक्के का 1425 रुपए बढ़ाकर 1700 रुपए किया है। मूंग की कीमत में बड़ी वृद्धि करते हुए 4650 रुपए से 6975 रुपए प्रति क्विंटल किया है। यह वृद्धि 2325 रुपए प्रति क्विंटल है। इसी तरह तूअर में 2243 रुपए प्रति क्विंटल समर्थन मूल्य बढ़ाया गया है। उड़द में 200, बाजरे में 525, ज्वार में 811, मूंगफली में 1630, सूरजमुखी में 1792, सोयाबीन में 1133, तिल में 2083 और रामतिल में 1959 रुपए प्रति क्विंटल की वृद्धि की गई है। मध्ययम रेशे  की कपास में समर्थन मूल्य 4020 रुपए से बढ़ाकर 5150 रुपए और लंबे रेशे के कपास का मूल्य अब 5450 रुपए प्रति क्विंटल होगा। कई फसलों के मूल्यों में ये वृद्धियां 50 फीसदी से भी अधिक हैं। तूअर, मूंग, और उड़द में वृद्धि करने से भविष्य में सरकार को दालें आयात करने से निजात मिल सकती है। इन फसलों की पैदावार में समय ज्यादा लगने के कारण किसान इस उपज से पीछा छुड़ाने में लग गया था। नतीजतन सरकार को अफ्रीकी देशों  से बड़ी मात्रा में दालों की आयात के लिए मजबूर होना पड़ रहा था। गोया, देश  इन दालों के उत्पादन में न केवल आत्मनिर्भर होगा, बल्कि कल का किसान भी आर्थिक रूप से सक्षम होने की दिशा  में कदम बढ़ा देगा। हालांकि ये घोषणाएं खेतों में बुवाई शुरू होने के एक माह पहले की गई होती तो किसान समर्थन मूल्य वृद्धि के हिसाब से फसलें बोता। बावजूद मोदी सरकार की यह पहल वंदनीय है।
किसान, गरीब और वंचित तबकों की हैसियत बढ़ाने की दृष्टि से आवास और उज्ज्वला योजनाओं के बाद यह तीसरी बड़ी पहल है। हालांकि इसके पहले पंजाब, महाराष्ट्र कर्नाटक, उत्तर प्रदेश  और उत्तराखंड के गन्ना किसानों को बड़ी राहत देते हुए 8,500 करोड़ का पैकेज दिया है। फसल बीमा योजना और भूमि स्वास्थ्य कार्ड भी इसी कड़ी के हिस्सा रहे हैं। बीते चार आम बजटों में भी कई सिंचाई योजनाओं को मंजूर किया गया है, जिससे वर्षा पर निर्भरता कम हो। गरीबी रेखा से नीचे जीने वालों को बीमार होने पर पांच लाख रुपए तक की आर्थिक मदद के अहम् प्रावधान किए गए हैं। मोदी सरकार के ये ऐसे काम हैं, जिन पर यदि उचित व ईमानदारी से क्रियान्वयन होता है तो किसान और गरीब मजदूर का कल्याण तो होगा ही 2019 के लोकसभा चुनाव में भी मोदी सरकार की वापसी हो सकती है। इन योजनाओं के वजूद में आ जाने से कांग्रेस समेत अन्य विपक्षी दलों द्वारा मोदी सरकार को किसान विरोधी सरकार साबित करने के प्रयास किए जा रहे थे, उनको भी पालीता लगना तय है। राहुल गांधी अकसर किसानों के मुद्दे पर ही मोदी को कठघरे में खड़ा करते रहे हैं। किंतु अब समर्थन मूल्यों में जो दोगुनी वृद्धि कर दी गई है, उससे विपक्ष की बोलती बंद होना तय है।
यह मूल्य वृद्धियां की जाना इसलिए जरूरी थीं, क्योंकि अतिवृष्टि और अनावृष्टि जैसे प्राकृतिक प्रकोपों के बावजूद देश  में कृषि उत्पादन चरम पर है। सरकार द्वारा पेश  आंकड़ों के मुताबिक वर्षा  2016-17 में करीब 275 मिलियन टन खाद्यान्न और करीब 300 मिलियन टन फलों व सब्जियों का रिकाॅर्ड उत्पादन हुआ है। बावजूद किसान सड़कों पर उपज फेंकते हुए आंदोलित थे और आत्महत्या भी कर रहे थे, लिहाजा किसी भी संवेदनशील सरकार के लिए किसान चिंतनीय पहलू होना चाहिए था। गोया, इसकी पृष्ठभूमि 2018-19 के आम बजट में ही रख दी गई थी। हालांकि कृषि किसान और गरीब को सर्वोच्च प्राथमिकता देना सरकार की कृपा नहीं बल्कि दायित्व है, क्योंकि देश  की आबादी की आजीविका और कृषि आधारित उद्योग अंततः किसान द्वारा खून-पसीने से उगाई फसल से ही गतिमान रहते हैं। यदि ग्रामीण भारत पर फोकस नहीं किया गया होता तो जिस आर्थिक विकास दर को 7 से 7.8 प्रतिशत तक ले जाने की उम्मीद जताई जा रही है, वह संभव ही नहीं थी। इस समय पूरे देश  में ग्रामों से मांग की कमी दर्ज की गई है। निसंदेह गांव और कृषि क्षेत्र से जुड़ी जिन योजनाओं की श्रृंखला को जमीन पर उतारने के लिए 14.3 लाख करोड़ रुपए का बजट प्रावधान किया गया था, उसका उपयोग अब सार्थक रूप में होते लग रहा है। ऐसे ही उपायों से किसान की आय सही मायनों में 2022 तक दोगुनी हो पाएगी। इस हेतु अभी फसलों का उत्पादन बढ़ाने, कृषि की लागत कम करने, खाद्य प्रसंस्करण और कृषि आधारित वस्तुओं का निर्यात बढ़ाने की भी जरूरत है। दरअसल बीते कुछ सालों में कृषि निर्यात में सालाना करीब 10 अरब डाॅलर की गिरावट दर्ज की गई है। वहीं कृषि आयात 10 अरब डाॅलर से अधिक बढ़ गया है। अब इस दिशा  सुधार होने की उम्मीद है। किसान को रासायनिक खाद की ऊंची दरों, उसकी उपलबधता की परेशानियों, बैंकों तथा निजी साहूकारों के कर्ज और बिजली की कमी से जुड़ी समस्याओं के समाधान की दिशा  में भी केंद्र व राज्य सरकारों को मिली-जुली पहल करने की जरूरत है। इन परेशानियों से आजिज होकर ही किसान आत्महत्या करता है।
केंद्र सरकार फिलहाल एमएसपी तय करने के तरीके में ‘ए-2‘ फाॅमूर्ला अपनाती रही है। यानी फसल उपजाने की लागत में केवल बीज, खाद, सिंचाई और परिवार के श्रम का मूल्य जोड़ा जाता है। इसके अनुसार जो लागत बैठती है, उसमें 50 फीसदी धनराशि  जोड़कर समर्थन मूल्य तय कर दिया जाता है। जबकि स्वामीनाथन आयोग की सिफारिश  है कि इस उत्पादन लागत में कृषि भूमि का किराया भी जोड़ा जाए। इसके बाद सरकार द्वारा दी जाने वाली 50 प्रतिशत धनराशि जोड़कर समर्थन मुल्य सुनिश्चित किया जाना चाहिए। फसल का अंतरराष्ट्रीय भाव तय करने का मानक भी यही है। यदि भविष्य में ये मानक तय कर दिए जाते हैं तो किसान की खुशहालीऔर बढ़ जाएगी। एमएस स्वामीनाथन की अध्यक्षता वाले राष्ट्रीय आयोग ने भी वर्ष 2006 में यही युक्ति सुझाई थी। समर्थन मूल्य में की गई इन वृद्धियों से ऐसा लग रहा है कि भविष्य में कृषि भूमि का किराया भी इस मूल्य में जोड़ दिया जाएगा। इन वृद्धियों से कृषि क्षेत्र की विकास दर में भी वृद्धि होने की उम्मीद है। यदि देश की सकल घरेलू उत्पाद दर को दहाई अंक में ले जाना है तो कृषि क्षेत्र की विकास दर 4 प्रतिश त होनी चाहिए। साफ है, कालांतर में इस दिषा में भी अनुकूल परिणाम निकलेंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here