पिज्जा बर्गर कभी न खाओ|

आओ आओ सब बच्चो आओ

सबको, सच्ची बात बताओ|

जोर जोर से सब चिल्लाओ

पिज्जा बर्गर कभी न खाओ|

 

फास्ट फूड के सेवन से तो

हेमोग्लोबिन कम होता है|

हज़म करे इतनी केलोरी,

कम लोगों में दम होता है|

पिज्जा बर्गर कितना घातक,

सारी दुनियाँ को बतलाओ|

 

ज्यादा पिज्जा बर्गर खाया,

तो ब्लड प्रेशर बढ़ जाता है|

चर्बी ज्यादा हो जाने से

खूब मुटापा चढ़ जाता है|

पिज्जा बर्गर के दुर्गुण का,

सारे जग में अलख जगाओ|

 

जिसने ज्यादा पिज्जा खाया,

और बर्गर का मज़ा उड़ाया,

देखो तुम इतिहास उठाकर,

वह ज्यादा दिन जी न पाया|

शौक किया ज्यादा खाने का,

हृदय रोग को गले लगाओ|

आओ आओ सब बच्चो आओ,

सबको सच्ची बात बताओ|

 

Previous article‘ देवपुत्र ‘ पढ़ पाऊँ हर दिन
Next articleमन को भा जानेवाले दिन‌
प्रभुदयाल श्रीवास्तव
लेखन विगत दो दशकों से अधिक समय से कहानी,कवितायें व्यंग्य ,लघु कथाएं लेख, बुंदेली लोकगीत,बुंदेली लघु कथाए,बुंदेली गज़लों का लेखन प्रकाशन लोकमत समाचार नागपुर में तीन वर्षों तक व्यंग्य स्तंभ तीर तुक्का, रंग बेरंग में प्रकाशन,दैनिक भास्कर ,नवभारत,अमृत संदेश, जबलपुर एक्सप्रेस,पंजाब केसरी,एवं देश के लगभग सभी हिंदी समाचार पत्रों में व्यंग्योँ का प्रकाशन, कविताएं बालगीतों क्षणिकांओं का भी प्रकाशन हुआ|पत्रिकाओं हम सब साथ साथ दिल्ली,शुभ तारिका अंबाला,न्यामती फरीदाबाद ,कादंबिनी दिल्ली बाईसा उज्जैन मसी कागद इत्यादि में कई रचनाएं प्रकाशित|

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here