नई दिल्लीः दिवंगत केंद्रीय मंत्री अनंत कुमार का आज (मंगलवार) बेंगलुरू में अंतिम संस्कार किया जाएगा। उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू, लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन और केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह के शामिल होने की संभावना है।

अनंत कुमार का अंतिम संस्कार दोपहर एक बजे चामराजापेट श्मशान घाट पर किया जाएगा। इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बेंगलुरू में भाजपा के वरिष्ठ नेता के परिवार से भेंट की और अपने सहयोगी को अंतिम विदाई दी थी। प्रधानमंत्री मोदी ने कुमार के पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित किया।

केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता का सोमवार तड़के बेंगलुरू के एक निजी अस्पताल में निधन हो गया था। वह पिछले कई महीनों से फेंफड़े के कैंसर से जूझ रहे थे।

कनार्टक में 3 दिन का राजकीय शोक

केंद्रीय मंत्री अनंत कुमार के निधन के बाद कनार्टक सरकार ने उनके सम्मान में राज्य में तीन दिन के राजकीय शोक और एक दिन (सोमवार को) का अवकाश घोषित किया है। इसके अलावा सोमवार को देश भर में राष्ट्रीय ध्वज को आधा झुकाए रखा गया था। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने एक बयान में बताया था कि अनंत कुमार के निधन के बाद देशभर में राष्ट्रीय ध्वज को आधा झुका रखने का फैसला किया गया है।