जकार्ता। पीएम नरेंद्र मोदी अपनी तीन देशों की यात्रा पर हैं। इसके पहले चरण में वह इन दिनों इंडोनेशिया की राजधानी जकार्ता में हैं। यहां इंडोनेशिया के राष्ट्रपति विडोडो ने मोदी का शाही स्वागत किया। इसके साथ ही वहां के लोगों में भी पीएम मोदी का क्रेज दिखाई दिया। लोगों के बीच मोदी के साथ सेल्फी खिंचवाने को लेकर काफी उत्साह देखा गया। इस बीच मोदी ने इंडोनेशिया से सबांग बंदरगाह के आर्थिक व सैन्य इस्तेमाल की मंजूरी लेकर चीन को बड़ा झटका दिया है। इंडोनेशिया ने यह महत्वपूर्ण बंदरगाह भारत को तोहफे के तौर पर दिया है।

चीन की थी इस बंदरगाह पर नजर
सामरिक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण सबांग बंदरगाह पर चीन की पहले से ही नजर थी। ऐसे में भारत को इसके इस्तेमाल की मंजूरी मिलना चीन के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है। इसके अलावा भारत और इंडोनेशिया के बीच कई समझौतों पर हस्ताक्षर हुए। भारत और इंडोनेशिया ने साझा बयान जारी किया है। इस दौरान पीएम मोदी ने कहा कि इंडोनेशिया और भारत की चुनौतियां एक जैसी हैं। उन्होंने कहा कि आतंकवाद के खिलाफ भारत और इंडोनेशिया एक साथ हैं। ग्लोबल स्तर पर पीएम मोदी का यह इंडोनेशिया दौरा बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *