आल इंडिया कांग्रेस के महासचिव और पंजाब मामलों के इंचार्ज शकील अहमद और पंजाब कांग्रेस कैंपेन समिति की चेयरपर्सन अंबिका सोनी ने कहा कि कांग्रेस जुलाई में टिकटों का ऐलान कर देगी जिससे समूचे उम्मीदवार अपने-अपने हलकों में खुल कर काम कर सकें। उन्होंने कहा कि पंजाब में दलितों और नौजवानों को विशेष तौर पर प्रतिनिधित्व मिलेगा। इस मौके पर उन्होंने पंजाब के दलितों के मसलों बारे सीनियर दलित कांग्रेसी नेता कबीर दास के साथ बैठक की।
वहीं सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार पंजाब कांग्रेस कैंपेन समिति की चेयरमैन नियुक्त की गईं अंबिका सोनी पंजाब विधानसभा का चुनाव लड़ सकती हैं। वह पहले आनंदपुर साहिब हलके से लोकसभा चुनाव लड़ चुकी हैं परंतु उस समय आम आदमी पार्टी की हवा के कारण चुनाव हार गई थीं।
वहीं अमरेन्द्र ने बादलों पर एक बार फिर से हमलावर रुख अख्तियार करते हुए कहा कि पंजाब को लूटने वाले बादलों को सीधा करना उन्हें ही आता है। लिहाजा 2017 में पंजाब के लोग उनको मौका दें, जिससे भ्रष्टाचारियों को फिर से 2002 की तरह जेलों में फैंक कर पंजाब को भ्रष्टाचार मुक्त किया जा सके।
कार्यक्रम का आयोजन हलका विधायक ब्रह्म महिंद्रा ने किया था। उन्होंने कहा कि पंजाबियों को तीन ‘सफेद’ से सचेत रहना चाहिए। एक सफेद वह है जो बादल के खेती मंत्री तोता सिंह के कारण किसानों की बर्बादी का कारण बना। इस सफेद मक्खी ने नरमा बीजने वाले किसानों का हजारों करोड़ रुपए का नुक्सान कर दिया जबकि बादल ने सफेद मक्खी के रखवाले तोता सिंह पर कोई कार्रवाई नहीं की। दूसरा सफे द बारे बात करते हुए उन्होंने कहा कि बादलों की सरप्रस्ती में स्मैक के रूप में पंजाबियों को सफे द पाऊडर देकर पंजाब की जवानी को तबाह किया जा रहा है। तीसरा सफेद केजरीवाल की सफेद टोपी है जोकि पंजाब का माहौल खराब करना चाहती है। उन्होंने कहा कि दो सफेद को वह खत्म कर देंगे जबकि तीसरे सफेद केजरीवाल को पंजाब की जनता 2017 में पंजाब में घुसने ही न दे।
वहीं पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष कै. अमरेंद्र सिंह ने 2017 के विधानसभा चुनाव की तैयारी के मद्देनजर अधिक से अधिक वालंटियर्स को पार्टी के साथ जोडऩे हेतु रविवार को ‘जागो पंजाब लहर’ अभियान शुरू किया। इसका संचालन एन.एस.यू.आई. की पंजाब शाखा के अध्यक्ष गोबिंद खटरा तथा उनके साथियों की देख-रेख में होगा।