नई दिल्लीः ‘कॉफी विद करण’ के अगले एपिसोड में अर्जुन कपूर और जाह्नवी कपूर पहली बार दर्शकों के सामने एक साथ नजर आएंगे। हाल में ही करण जौहर ने इस एपिसोड का एक प्रोमो शेयर किया है, जिसको अर्जुन और जाह्नवी एक-दूसरे की टांग खींचते हुए नजर आए। दरअसल, करण यहां जाह्नवी से पूछते हैं कि आपको और ईशान खट्टर को लेकर काफी चर्चाएं होती रहती हैं क्या आप एक-दूसरे को डेट कर रहे हैं? इसके जवाब में जाह्नवी तुरंत ही ना कह देती हैं। बस फिर क्या था अर्जुन ने फौरन ही करण के सामने ये बात कह डाली।

हर जगह साथ होता है ईशान…
जी हां, अर्जुन अपनी बहन को इतनी आसानी से कहां जाने देने वाले थे। तभी तो उन्होंने तुरंत ये बात कही-‘ये ईशान को डेट नहीं कर रही है लेकिन वो हर जगह इसके साथ नजर आता है।’ बड़े भाई के मुंह से यह बात सुनते ही जाह्नवी हैरान हो जाती है और उन्हें समझ नहीं आता है कि वो क्या कहें? फिर वो अर्जुन से कहती है कि आप किसकी टीम में हो। वैसे अर्जुन ने भले ही साफ-साफ कुछ न कहा हो लेकिन उन्होंने इनडायरेक्टली तो ये बता ही दिया है कि जाह्नवी और ईशान के बीच में कुछ तो है।

क्या अर्जुन सिंगल हैं…
वैसे यहां जाह्नवी ने भी अपने भाई की टांग खींचने का मौका नहीं छोड़ा और उनसे पूछ डाला कि क्या वो सिंगल हैं। जिसके जवाब में अर्जुन कुछ नहीं कहते हैं। लेकिन उनके चेहरे का रंग जरूर बदल जाता है। दरअसल, इन दिनों अर्जुन और मलाइका अरोड़ा के रिश्ते को लेकर काफी चर्चाएं हो रही हैं। दोनों की शादी की खबरें भी सामने आई हैं। हालांकि, अर्जुन और मलाइका ने अब तक इस बारे में खुलकर कुछ नहीं कहा है।