नई दिल्लीः गोवा में राजनीतिक उथल-पुथल के बीच मनोहर पर्रिकर मंत्रिमंडल से दो मंत्री हटाए गए हैं। इससे पहले भाजपा नेतृत्व ने यह स्पष्ट कर दिया है कि वह राज्य में किसी तरह का बदलाव करने नहीं जा रही है। रविवार को गोवा भाजपा कोर टीम के साथ भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने बैठक की। अमित शाह ने ट्वीट करके बताया कि राज्य में मनोहर पर्रिकर ही मुख्यमंत्री बने रहेंगे। उन्होंने बताया कि जल्द ही मंत्रीमंडल में बदलाव होगा और कुछ मंत्रियों के विभाग में भी फेरबदल होंगे।

बता दें कि गोवा के मुख्यमंत्री मनोहर पर्रिकर की तबीयत कुछ दिनों से खराब चल रही है। अमेरिका से इलाज कराने के बाद वह इन दिनों दिल्ली एम्स में भर्ती हैं। तभी से राज्य में नेतृत्व परिवर्तन की अटकलें लगाई जा रही थीं। इसी बीच कुछ दिन पहले ही कांग्रेस ने राज्यपाल से भेंट करके सरकार बनाने का दावा पेश कर दिया था। 40 सदस्यीय विधानसभा में भाजपा के 13 विधायक है और वह सहयोगी दलों के समर्थन से सरकार में है। कांग्रेस के 16 विधायक हैं।