नई दिल्लीः चर्चित वायलिन वादक संगीतकार बाला भास्कर और उनका परिवार का एक दुर्घटना का शिकार हो गया। यह घटना तिरुवनंतपुरम के बाहरी इलाके पल्लिपुरम् में हुई। एक्सीडेंट इतना भयानक था कि इसमें सिंगर बाला भास्कर की 2 साल की बेटी तेजस्विनी की मौत हो गई। बाला भास्कर अपनी पत्नी लक्ष्मी समेत गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। उन्हें मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया था और बाद में प्राइवेट अस्पताल ले जाया गया। उनके साथ ही कार का ड्राइवर अर्जुन भी अस्पताल में भर्ती है।

बताया जा रहा है कि यह दुर्घटना कार पेड़ से टकराने से हुई।परिवार तृश्शूर के एक मंदिर से लौट रहा था। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार यह हादसा सुबह करीब 4.30 बजे हुआ। भास्कर और उनकी पत्नी के अलावा कार चला रहा ड्राइवर अर्जुन भी अस्पताल में भर्ती है। खबरों के अनुसार टायर अचानक पंचर हो जाने के बाद कार ने संतुलन खो दिया और यह एक्सीडेंट हो गया।

गौरतलब है कि बाला भास्कर दक्षिण भारत के जाने माने संगीतकार हैं। वह साउथ के चर्चित सिंगर हैं। बाला भास्कर मलयालम फिल्मों के सबसे युवा संगीतकार रहे हैं। फिल्म ‘मंगला पल्लक्कु’ में उन्होंने 17 साल की उम्र में काम किया था।

एलबम, फिल्मों और कॉन्सर्ट में संगीत बनाने के बाद बाला भास्कर का नाम मलयालम फिल्म इंडस्ट्री में काफी लोकप्रिय हुआ। उन्होंने कई मशहूर लोगों जैसे उस्ताद जाकिर हुसैन, शिवमनी, हरीहरन के साथ काम किया है।