नई दिल्लीः दिल्ली में यमुना खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। इस समय यमुना का जलस्तर 204.84 है और यह लगातार बढ़ रहा है। हरियाणा के हथिनी कुंड बैराज से करीब 2.5 लाख क्यूसेक पानी छोड़ा गया है। जिसके चलते इसका जलस्तर और बढ़ सकता है। यमुना के आसपास अलर्ट जारी कर दिया गया है।

दूसरी ओर राजधानी में सितंबर माह की बारिश ने पिछले आठ साल का रिकार्ड तोड़ दिया है। दिल्ली में सोमवार सुबह तक 224.8 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। इससे पहले वर्ष 2011 में सितंबर माह में 225.2 मिलीमीटर बारिश हुई थी।

बंगाल की खाड़ी में बने कम हवा के दबाव क्षेत्र के बाद से उठी मानसूनी हवा बीते चार दिनों से दिल्ली को भिगो रही हैं। सोमवार को भी दिनभर बारिश होती रही। मौसम विभाग ने अगले दो दिन बारिश की उम्मीद जताई है।

105% ज्यादा बारिश

सितंबर में अब तक 105 फीसदी ज्यादा बारिश हुई है। आमतौर पर 24 सितंबर तक 109.3 मिलीमीटर बारिश सामान्य मानी जाती है जबकि सोमवार सुबह तक 224.8 मिलीमीटर बारिश हो चुकी थी।