नई दिल्लीः बारिश के बाद दिल्ली में डेंगू ने तेजी से पैर पसारने शुरू कर दिए हैं। बीते सप्ताह राजधानी में में डेंगू के 100 नए मामले आए हैं। इसके साथ ही निगम की जांच में 45 लाख घरों में 1 लाख 71 हजार डेंगू के लार्वा पाए गए हैं। डेंगू के सबसे ज्यादा 16 मामले नई दिल्ली नगर पालिका परिषद (एनडीएमसी) इलाके के हैं। इससे पिछले सप्ताह यह तादाद 106 थी। इसके अलावा मलेरिया के 31 और चिकनगुनिया के 8 मरीज सामने आए हैं।

डेंगू के साथ ही मलेरिया के मरीजों की बात की जाए तो बीते सप्ताह 31 नए मामले सामने आए हैं। इनमें से 25 मरीज ऐसे हैं, जिनके बारे में पता नहीं चल सका है कि वे कहां के हैं। वहीं 3-3 मामले उत्तरी और दक्षिणी दिल्ली इलाके के हैं। एनडीएमसी, पूर्वी दिल्ली और दिल्ली कैंट इलाके से मलेरिया का एक भी मामला सामने नहीं आया। इस साल मलेरिया के मरीजों की तादाद बढ़कर 256 हो गई है। निगम की ओर से जलजनित बीमारियों के संबंध में जारी रिपोर्ट के मुताबिक बीते सप्ताह 22 सितंबर तक डेंगू के 100 नए मामले सामने आए हैं।

इनमें सबसे ज्यादा नई दिल्ली नगर पालिका परिषद (एनडीएमसी) इलाके से 16 और उसके बाद साउथ एमसीडी इलाके के 14 मामले हैं। 51 के बारे में पता नहीं चल पाया है कि वे कहां के हैं। इस साल अब तक डेंगू के मामलों की तादाद 343 पहुंच गई। 100 मरीजों के अलावा अन्य राज्यों के मरीजों की तादाद 123 है, वहीं 10 मरीजों के पते अस्पतालों ने उपलब्ध नहीं कराए हैं।

डेढ़ लाख से ज्यादा घरों में लार्वा मिला

निगम ने 2,54,77583 घरों की जांच की। इसमें से 1 लाख 71 हजार, पैंतालीस घरों में डेंगू का लार्वा मिला है। वहीं 1,43,611 लोगों को नोटिस भेजा गया है। 20,112 के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की गई है। 83 जगहों पर मछलियां छोड़ी गई हैं।