नई दिल्ली :  बारिश से उत्तर भारत के पहाड़ी राज्यों में अचानक बाढ़ और भूस्खलन के कारण जम्मू कश्मीर, हिमाचल प्रदेश एवं हरियाणा में सोमवार को कम से कम 11 लोगों की मौत हो गई। पंजाब में भारी बारिश के मद्देनजर पंजाब में ‘रेड अलर्ट’ जारी किया गया है। भाखड़ा ब्यास प्रबंधन बोर्ड (बीबीएमबी) ने पंजाब के लिये परामर्श जारी करते हुए कहा कि ब्यास नदी जल क्षेत्र में लगातार बारिश से जलस्तर बढ़ जाने के कारण पोंग बांध से अतिरिक्त पानी छोड़ा जायेगा।

पंजाब में मंगलवार को भी शैक्षणिक संस्थान बंद रखने के आदेश दिये गये हैं। जम्मू कश्मीर के डोडा और हिमाचल प्रदेश के अधिकतर स्थानों पर स्कूल बंद रहे। भारी बारिश के चलते भूस्खलन की घटनाएं हुईं जिनके कारण बद्रीनाथ, केदारनाथ और यमुनोत्री जाने के मार्ग बाधित हुए और चारधाम यात्रा भी प्रभावित हुई। भारी बारिश के बाद जलजमाव होने से राष्ट्रीय राजधानी में भी यातायात प्रभावित हुआ। भारी बारिश को देखते हुए पंजाब सरकार ने जिला प्रशासनों को किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने के लिये सतर्कता बरतने को कहा है। कृषि विशेषज्ञों ने बताया कि पंजाब एवं हरियाणा में भारी बारिश से खरीफ फसलों को नुकसान पहुंच सकता है और खेतों में पानी भर सकता है।