नई दिल्लीः भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) की मध्यप्रदेश इकाई की ओर से आज राजधानी भोपाल में हो रहे कार्यकर्ता महाकुंभ में शामिल होने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भोपाल पहुंच गए। मोदी विशेष विमान से यहां पहुंचे। स्टेट हैंगर पर पार्टी अध्यक्ष अमित शाह, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह ने उनकी अगवानी की। वे स्टेट हैंगर से हेलीकॉप्टर से कार्यक्रम स्थल जंबूरी मैदान पहुंचेंगे।

शाह भी इसके पहले इसी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए कुछ देर पहले विशेष विमान से भोपाल पहुंचे थे। दोनों नेता इस कार्यक्रम में शामिल होने के बाद करीब तीन बजे दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे। आगामी विधानसभा चुनाव के पहले भाजपा का आज का यह कार्यक्रम पार्टी की ओर से चुनाव के अभियान का आगाज माना जा रहा है। पार्टी का दावा है कि आज के कार्यक्रम में करीब 10 लाख कार्यकर्ता शामिल होंगे, जिन्हें मोदी और शाह चुनावी जीत का मंत्र देंगे। प्रदेश में इसके पहले के दो विधानसभा चुनावों के अभियान का आगाज भी पार्टी ने ऐसे ही महाकुंभों से किया था।

भोपाल यात्रा के दौरान पीएम मोदी लगभग 3 घंटे से ज्‍यादा शहर में रहेंगे। 230 विधानसभा क्षेत्रों के करीब 65,000 बूथों से आये बीजेपी कार्यकर्ता इस रैली में शामिल होंगे।