नई दिल्ली: मध्य प्रदेश के मंदसौर में आज राहुल गांधी रैली करने वाले हैं। यहां वह एक जनसभा को संबोधित करेंगे। 2019 लोकसभा चुनावों से पहले उनकी यह रैली काफी अहम मानी जा रही है। मंदसौर हिंसा के एक साल होने पर आयोजित की जाने वाली इस रैली से प्रशासन समेत सरकार की नीदें उड़ी हुई है। जिसके चलते इस हिंसा में मारे गए मृत किसानों के परिवार वालों को राहुल की रैली में जाने से रोका जा रहा है। मंदसौर गोलीकांड में मारे गए अभिषेक के परिजनों ने आरोप लगाया है कि प्रशासन उन्हें राहुल से न मिलने की धमकी दे रहा है। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी मध्य प्रदेश के मंदसौर में किसानों पर पुलिस गोलीबारी की पहली बरसी के मौके पर बुधवार को ‘किसान समृद्घि श्रद्घांजलि सभा’ को संबोधित करेंगे। यह सभा पिपलियामंडी में होगी। देशभर के विभिन्न हिस्सों से किसान नेता यहां पहुंच रहे हैं, जिसे देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता बंदोबस्त किए गए हैं।कांग्रेस कार्यालय से मिली जानकारी के मुताबिक, राहुल गांधी दोपहर लगभग 12.20 बजे चार्टर्ड प्लेन से मंदसौर हवाई पट्टी पर उतरेंगे। वहां से हेलीकॉप्टर से 12.45 बजे सभा स्थल पिपलियामंडी पहुंचेंगे। वह दोपहर तीन बजे दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे।पिपालियामंडी में आयोजित इस सभा में कांग्रेस के प्रमुख नेता कमलनाथ, ज्योतिरादित्य सिंधिया, कांतिलाल भूरिया, दिग्विजय सिंह सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहेंगे।