नई दिल्ली : यमन के शहर होदीदा में सरकार समर्थक बलों और विद्रोहियों के बीच हुए संघर्ष में 58 लड़ाकों की मौत हो गई। यह जानकारी गुरुवार को अस्पताल के सूत्रों ने दी। अस्पताल के सूत्रों ने बताया कि रात भर चली लड़ाई और हवाई हमलों में 47 विद्रोही मारे गये हैं। हवाई हमले सऊदी अरब के नेतृत्व वाले गठबंधन ने किए हैं जो सरकार का समर्थन करता है। सूत्रों ने बताया कि इस संघर्ष में 11 सैनिक भी मारे गए हैं।अधिकारियों के अनुसार, देश के सबसे अहम बंदरगाह वाले शहर होदेदा पर नियंत्रण बनाने के प्रयास में हुई लड़ाई में मरने वालों में दोनों ही तरफ के लोग शामिल हैं।

बता दें कि लाल सागर के किनारे बसे होदिदा शहर को यमन की लाइफलाइन कहा जाता है, जहां के बंदरगाह पर ही देश का 90 फीसदी से ज्यादा आयात निर्भर है। यमन में 2015 से अशांति चल रही है, जब हौथी विद्रोहियों ने देश के उत्तरी क्षेत्र को अपने कब्जे में लेकर चुनी हुई सरकार को निष्कासित कर दिया था।