नई दिल्ली : समाजवादी पार्टी (सपा) ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर सत्ता हासिल करने के लिए मजहब और जाति की राजनीति करने का आरोप लगाया है।’ विकास का झूठा वादा कर सत्ता हासिल करने वाली भाजपा मजहब एवं जाति के नाम पर राजनीति कर रही है। सत्ता की हनक में मदांध भाजपा ने बेरोजगार, गरीब, किसान, दलित और शोषित आदि सभी को छलने का काम किया है। इसने सत्ता की कुर्सी तक पहुंचने के लिए जनता को केवल सब्जबाग दिखाने का काम किया है।

सपा जिला प्रवक्ता दान बहादुर सिंह ‘मधुर’ ने शुक्रवार को कहा, ‘भाजपा यह भूल जाये कि 2014 की पुर्नरावृत्ति होगी। जनता से किये गये वादे तो पूरे नहीं किये अलबत्ता डीजल-पेट्रोल, गैस आदि चीजों के मूल्यों में वृद्धि कर कमर तोड़ने का काम किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा की नीतियों से कोई भी वर्ग प्रभावित होने से नहीं बचा है। वर्ष 2019 में देश की जनता हिसाब लेगी और भाजपा को देश की सत्ता से बाहर खदेड़ देगी।’

उन्होंने कहा कि भाजपा के अहंकार का परिणाम फूलपुर, गोरखपुर और कैराना के उप-चुनाव परिणाम थे। भाजपा को यहां से करारी हार का सामना करना पड़ा था। आजादी के बाद पहली बार केशव मौर्य ने फूलपुर में कमल खिलाया था लेकिन दुबारा भाजपा को यह सीट हासिल नहीं हुई। योगी आदित्यनाथ का गढ़ कहा जाने वाला गोरखपुर तो उनके हाथ से गया ही इसके साथ कैराना और नूरपुर भी हाथ से निकल गया।