नई दिल्ली : बिहार के उप मुख्यमंत्री सुशील मोदी ने कहा है कि गुजरात में हिंदी भाषी प्रवासियों के खिलाफ हुए विरोध-प्रदर्शन के बाद कांग्रेस नेता अल्पेश ठाकोर ‘बिहार में घुसने की हिम्मत नहीं कर सकते।’ बता दें कि एक नाबालिग की रेप और हत्या के बाद गुजरात में सितंबर महीने के अंत में हिंदी भाषी प्रवासियों के खिलाफ हिंसक प्रदर्शन का दौर शुरू हो गया। भाजपा का आरोप है कि हिंदी भाषी लोगों के खिलाफ लोगों को उकसाने में ठाकोर की भूमिका रही है। लोगों को उकसाने वाला ठाकोर का एक वीडियो भी उस समय सामने आया था।इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक नर्मदा जिले में स्टैच्यू ऑफ यूनिटी का दौरा करने के बाद सुशील मोदी ने कहा, ‘गुजरात में उत्तर भारतीयों के प्रति ठाकोर ने जिस तरह का रवैया अपनाया, उसके बाद वह बिहार में घुसने का साहस नहीं कर सकते। स्थानीय लोगों को नौकरी में प्राथमिकता देनी चाहिए लेकिन यह भी सच है कि यदि बिहारी गुजरात छोड़ देंगे तो राज्य की कंपनियां बंद हो जाएंगी।’ गुजरात में सितंबर के आखिर और अक्टूबर की शुरुआत में हिंदी भाषी प्रवासियों पर हमले की घटनाएं सामने आईं जिसके बाद बड़ी संख्या में लोग अपने गृह राज्यों बिहार और उत्तर प्रदेश जाने के लिए बाध्य हुए।