इंदौर,। लंबी छुट्टियां बिता कर लौटे कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने एक बार फिर मध्यप्रदेश का रूख किया है। दरअसल, प्रदेश में दम तोड़ रही कांग्रेस में नई जान फंूकने और पार्टी का जनाधार बढ़ाने के उद्देश्य से एक दिवसीय प्रवास पर इंदौर आ रहे हैं। राहुल मंगलवार को महू में एक विशाल आमसभा को संबोधित करेंगे। अपने इस एक दिवसीय दौरे पर राहुल दलित वर्ग को लुभाने की कोशिश करेंगे।जानकारी के मुताबिक, कांगे्रस उपाध्यक्ष दिल्ली से विशेष विमान द्वारा दोपहर रवाना होकर 12 बजे इंदौर पहुंचेंगे और इसके बाद सड़क मार्ग से होते हुए महू जाएंगे। राहुल गांधी सबसे पहले बाबा साहेब के स्मारक पर पहुंचकर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण करेंगे। दोपहर साढ़े तीन बजे वे स्वर्ग मंदिर मैदान में आमसभा को संबोधित करेंगे। इस सभा में 50 हजार से ज्यादा लोगों के शामिल होने का दावा कांग्रेस नेताओं ने किया है। इसके बाद वे एक माहेश्वरी स्कूल में एक सेमिनार में शामिल होंगे। राहुल गांधी दलित वर्ग जुड़े सवा सौ लोगों से भी चर्चा करेंगे। इसके बाद वे सड़क मार्ग से ही इंदौर आएंगे और रात 9 बजे दिल्ली के लिए रवाना होंगे।