मेंधार सेक्टर में नियंत्रण रेखा पर पाकिस्तान ने गोले बरसाए
मेंधार सेक्टर में नियंत्रण रेखा पर पाकिस्तान ने गोले बरसाए

पाकिस्तानी सैनिकों ने आज पुंछ जिले के मेंधार सेक्टर में नियंत्रण रेखा पर भारतीय चौकियों और रिहाइशी इलाकों को निशाना बनाते हुए मोर्टार से गोले बरसाए जिसका भारत के सुरक्षा बलों ने मुंहतोड़ जवाब दिया।

रक्षा प्रवक्ता ने बताया, ‘‘आज सुबह नौ बजकर 15 मिनट पर पाकिस्तानी सैनिकों ने पुंछ जिले के मेंधार सेक्टर में बिना उकसावे के संघर्ष विराम का उल्लंघन किया।’’ उनके मुताबिक पाकिस्तान ने भारतीय चौकियों और रिहाइशी इलाकों को निशाना बनाते हुए स्वचलित हथियारों से गोलीबारी की और 120 मिमी तथा 82 मिमी के गोले दागे।

सीमा की सुरक्षा में तैनात जवानों ने गोलीबारी का मुंहतोड़ जवाब दिया। अंतिम खबर आने तक दोनों ओर से गोलीबारी जारी थी।

कल पाकिस्तानी सेना ने पुंछ जिले के पुंछ सेक्टर और नियंत्रण रेखा के कृष्ण घाटी सेक्टर के जरिए घुसपैठ की दो कोशिशों को अंजाम देने के लिए गोलीबारी की आड़ दी थी। इसमें सेना के दो जवान शहीद हो गए थे और पांच अन्य घायल हो गए थे। घायलों में दो जवान, एक बीएसएफ का अधिकारी और दो महिलाएं शामिल हैं।

लक्षित हमलों के बाद से जम्मू-कश्मीर में नियंत्रण रेखा के नजदीक स्थित रिहाइशी इलाकों और भारतीय चौकियों पर निशाना साधते हुए संघर्ष विराम की लगभग 100 घटनाएं हो चुकी हैं।

( Source – PTI )

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *