नई दिल्लीः सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि सपा का बसपा से गठबंधन हर हाल में होगा। इसकी घोषणा जल्द ही कर दी जाएगी। सपा-बसपा का गठबंधन इन दोनों दलों के अलावा आम जनता के लिए भी खुशखबरी से कम नहीं होगा। मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान में भी सपा स्थानीय दलों के साथ मिलकर मजबूती से चुनाव लड़ेगी और इसके परिणाम भी अच्छे निकलेंगे। अखिलेश ने भाजपा सरकार पर प्रहार भी किए। वह रविवार को सैफई पीडब्लूडी गेस्ट हाउस में कार्यकर्ताओं से मुलाकात के बाद पत्रकारों से बात कर रहे थे।

पूर्व मुख्यमंत्री व सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव रविवार दोपहर बाद एक्सप्रेस-वे के रास्ते लखनऊ से सैफई पहुंचे। सैफई में परिवारीजनों से मिलने के बाद पीडब्लूडी गेस्ट हाउस में पार्टी के नेताओं व कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। नेताओं से लोकसभा चुनाव की बाबत बातचीत की और टिप्स दिए। इस दौरान पूर्व सीएम ने इंटरमीडिएट में इटावा टॉप करने वाली वीरप्रताप सिंह की पुत्री शाम्भवी चौहान और औरेया जिला टॉप करने वाली छात्रा आर्या त्रिपाठी के न आने पर उसके पिता सुधीर त्रिपाठी को लैपटॉप दिया। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव सपा-बसपा मिलकर साथ लडेंग़ी। दोनों के गठबंधन की जल्द घोषणा कर दी जाएगी। शिवपाल सिंह यादव की नई पार्टी प्रगतिशील समाजवादी पार्टी के बारे में कुछ भी बोलने से इनकार कर दिया।