नई दिल्लीः 2019 लोकसभा चुनाव (2019 loksabha election) से पहले अखिलेश यादव (Akhilesh yadav) का छत्तीसगढ़ में कांग्रेस (Congress) विरोधी रुख सामने आने के बाद अब यूपी में महागठबंधन होने के आसार कम हो गये हैं। बसपा सुप्रीमो मायावती (Mayawati) पहले ही कांग्रेस के खिलाफ अपनी तल्खी जाहिर कर संकेत दे चुकी हैं कि वह उससे दूरी ही बनाए रखेंगी। ऐसे में यूपी में भाजपा के खिलाफ गठबंधन में कांग्रेस को लिया जाना खासा मुश्किल ही दिखता है।

समाजवादी पार्टी ने अब कांग्रेस पर हमले तेज कर दिये हैं और उसकी तुलना भाजपा से करनी शुरू कर दी है। रविवार को छत्तीसगढ़ में अखिलेश यादव ने कहा कि कांग्रेस और भाजपा ने साथ मिलकर देश को पीछे ले जाने का काम किया है। देश के बैंकों का पैसा उद्योग पतियों को कांग्रेस और भाजपा ने दिया। राफेल जहाज में पहले कांग्रेस ने खेल किया अब भाजपा कर रही है।

इससे पहले अखिलेश यादव ने कांग्रेस को चेतावनी दी कि अगर ‘साइकिल’ को रोकोगे तो हम उसके हैंडल से ‘हाथ’ को हटा देंगे। इससे पहले उन्होंने एक जनसभा में कहा था कि कांग्रेस व भाजपा एक ही राह पर हैं। भाजपा और कांग्रेस के नेता सब एक दूसरे से मिले हुए हैं। गरीब, किसान व नौजवानों की किस्मत बनाने में उनकी कोई रुचि नहीं है।