नई दिल्लीः आथर गांव में दीपक ठाकुर की छत पर रखे टीवी स्क्रीन पर शुक्रवार की रात जैसे ही सलमान खान नजर आए, ग्रामीणों की भीड़ ताली बजाने लगी। सलमान ने हाथ हिलाकर अभिवादन करते हुए पूछा, कैसे हो आप लोग। सबने एक स्वर से कहा, ठीक हैं सबलोग। सलमान ने कहा आपके कपड़े देखकर ऐसा लगता है कि वहां ठंड अधिक है। यहां भी ठंड बढ़ गई है। आपलोग चिंता नहीं कीजिए दीपक बहुत अच्छा गाता है और बहुत अच्छा खेल रहा है। दुआ कीजिए कि वह जीत जाए। आपलोगों को क्या उम्मीद है, दीपक जीत जाएगा। सबने कहा, हां सर जरूर जीतेगा।

सलमान ने पूछा गांव में बिजली कब आयी। आपलोग बिग बॉस देखते हैं। सबने जोड़ से आवाज लगाई, हां देखते हैं। दीपक के लिए वोटिंग करते हैं। खूब वोटिंग कीजिए। सलमान ने दीपक के पापा पंकज ठाकुर से पूछा, गांव की आबादी कितनी है। उन्होंने कहा, सर छह हजार। सलमान ने अचंभित होते हुए दोहराया…छह हजार..।

बूढ़ी राजकली देवी की ओर इशारा करते हुए सलमान ने पूछा आप दीपक की दादी हैं? राजकली देवी ने कहा, मैं उसकी नानी हूं। अच्छा नानी जी मुस्करा रही हैं। यहां दीपक के रिश्तेदार कौन-कौन हैं। जवाब में कई हाथ उठते चले गए। सलमान चौंके, अरे यहां तो पूरा गांव ही रिश्तेदार है। सलमान ने पंकज ठाकुर से पूछा, आज से पहले आथर गांव का कोई व्यक्ति टीवी पर आया। सबने कहा, नहीं दीपक ही पहली बार टीवी पर आया। इसपर सलमान बोले, आप दीपक को क्या संदेश देना चाहेंगे। पंकज ठाकुर बोले, वह हौसला बनाए रखे। वह बहुत अच्छा कर रहा है। पंकज ठाकुर ने सलमान खान से कहा, आपका प्यार, दुलार और आशीर्वाद दीपक को मिलता रहे।

सलमान ने पूछा दीपक की मम्मी कैसी हैं। मीरा देवी ने कहा, मैं बिल्कुल ठीक हूं। सलमान ने कहा, आपको दीपक की चिंता करने की जरूरत नहीं है। उसके हाथ पर पट्टी बंधी है, लेकिन वह ठीक है। इस दौरान छोटी बहन ज्योति का उत्साह देखते ही बनता था। बहन दीपिका ठाकुर ने सलमान से कहा, दीपक भैया की तरह आप भी मेरे भाई हैं। भैया दूज के मौके पर आपको हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं। सलमान ने भावुक होकर आभार जताते हुए कहा, आपको भी बधाई। इस पल का गवाह बनने के लिए दीपक के मामा आर्मी जवान भी छुट्टी से लेकर आए थे।

बता दें कि आथर (मुजफ्फरपुर )। बूढ़ी गंडक नदी के किनारे साल-दर-साल बाढ़ में कटने-बसने वाले आथर गांव में आज हर जुबान पर दीपक ठाकुर और सलमान खान का नाम है। दिन भर गांव के लोगों का दीपक के घर पर आना-जाना लगा रहा। दीपक की नानी, मामा-मामी सहित कई रिश्तेदार आ चुके हैं। सबकी जुबान पर एक ही सवाल है, कितने बजे लाइव होंगे सलमान खान? दीपक की बहन दीपिका बताने लगी कि आथर का नाम हर साल बूढ़ी गंडक में बाढ़ के समय सुर्खियों में आता है। दीपक के पिता लंबी सांस लेते हुए बोले, बाढ़ में तीन बार उनका घर कट गया। दीपक शहर से अपने संपर्क की संस्थाओं के माध्यम से राहत की टीम के साथ गांव जरूर आता था। जहां पर खड़े ग्रामीण सलमान खान के वीडियो लाइव शो का इंतजार कर रहे थे, वहां वहां हर साल बाढ़ में करीब 10 से 12 फुट ऊंची धारा बहती है।