नई दिल्ली : गुजरात में बिहार और उत्तर प्रदेश के लोगों पर हो रहे हमलों को लेकर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रूपानी से बात की है। नीतीश ने कहा कि जिन लोगों ने अपराध किया है, निश्चित तौर पर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए, लेकिन बेकसूर लोगों के साथ गलत नहीं होना चाहिए। पटना में संवाददाताओं से चर्चा करते हुए नीतीश ने कहा कि उन्होंने गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रूपानी से बात की है और वहां बिहार के लोगों को सुरक्षा देने को कहा है।

नीतीश ने कहा, हम लोग गुजरात सरकार के संपर्क में हैं। गुजरात सरकार भी परिस्थिति पर नजर रखे हुए हैं। उन्होंने कहा, जो भी घटना हुई है, वह निंदनीय है। लेकिन घटना का जो दोषी व्यक्ति है, उसे सजा देनी चाहिए। इस तरह से बेकसूर लोगों के साथ गलत बर्ताव नहीं होना चाहिए। यह कहीं से भी सही नहीं है। उल्लेखनीय है कि गुजरात में एक दुष्कर्म की घटना के बाद बिहार और उत्तर प्रदेश के लोगों को निशाना बनाया जा रहा है, जिस कारण बिहार के लोग गुजरात से पलायन कर रहे हैं।