नई दिल्लीः दिल्ली की एक अदालत पत्रकार प्रिया रमानी के खिलाफ एम जे अकबर के आपराधिक मानहानि मामले पर आज (गुरूवार) सुनवाई करेगी। रमानी ने अकबर पर यौन दुर्व्यवहार के आरोप लगाये है। रमानी के खिलाफ अकबर के आपराधिक मानहानि मामले में यहां पटियाला हाउस अदालत में आज सुनवाई होगी। अकबर ने बुधवार को विदेश राज्य मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया।

उनके वकील संदीप कपूर ने बताया कि अतिरिक्त मुख्य मेट्रोपॉलिटन मजिस्ट्रेट (एसीएमएम) समर विशाल के समक्ष निजी आपराधिक मानहानि मामले में सुनवाई होगी। वकील ने अकबर के संक्षिप्त इस्तीफा पत्र को भी आगे प्रेषित कर दिया है। कपूर ने बताया कि आज से कानूनी लड़ाई शुरू होगी और पत्रकार से राजनेता बने अकबर, पत्रकार प्रिया रमानी के खिलाफ मुकदमा चलाये जाने का दबाव बनायेंगे।

राजनीतिक विरोधियों, कथित पीड़ितों और #मी टू कार्यकर्ताओं की ओर से अकबर पर इस्तीफे का दबाव बनाया जा रहा था। अकबर ने अपने पत्र में कहा, चूंकि मैंने निजी तौर पर कानून की अदालत में न्याय पाने का फैसला किया है, इसलिए मुझे यह उचित लगा कि मैं अपने पद से इस्तीफा दे दूं। पत्र में उन्होंने कहा है, मैं अपने खिलाफ लगाए गए झूठे आरोपों को निजी तौर पर चुनौती दूंगा। अत: मैं विदेश राज्य मंत्री पद से त्यागपत्र देता हूं।