Home ओडिशा ओडिशा चक्रवात में तितली में मरने वालों की संख्या 57 हुई, 2200...

ओडिशा चक्रवात में तितली में मरने वालों की संख्या 57 हुई, 2200 करोड़ का हुआ नुकसान

नई दिल्लीः ओडिशा में चक्रवात तितली और उसके कारण आयी बाढ़ में मरने वालों की संख्या बढ़कर 57 हो गयी है। मरने वालों में 10 बच्चे भी शामिल हैं। न्यूज एजेंसी भाषा के अनुसार, इस आपदा के कारण करीब 2200 करोड़ रूपये के नुकसान का आकलन किया गया है। ओडिशा सरकार ने बुधवार को यह जानकारी दी।

विशेष राहत आयुक्त (एसआरसी) बीपी सेठी ने बताया कि 57 मृतकों में से 39 की मौत सिर्फ गजपति जिले में ही हुई है।
उन्होंने बताया कि भूस्खलन, दीवार के गिरने और डूबने की वजह से लोग हताहत हुए हैं। उन्होंने बताया कि गंजम जिले से 12 लोगों की मौत होने और कंधमाल से दो व्यक्तियों की मौत होने की खबर है। इसके अलावा कटक, अंगुल, क्योंझर और नयागढ़ जिलों में एक-एक व्यक्ति की मौत हुई है। एक अधिकारी ने बताया कि मृतकों 10 बच्चे भी शामिल हैं।

मुख्य सचिव एपी पाधी ने बताया कि आरंभिक आकलन में करीब 2200 करोड़ रूपये की क्षति का अनुमान लगाया गया है जिसमें आधारभूत ढांचे और कृषि सहित विभिन्न क्षेत्रों में नुकसान शामिल है। इस आपदा के चलते हुए कुल नुकसान की पूरी रिपोर्ट एक या दो दिन में मिल जायेगी।

प्रदेश में चल रहे राहत कार्यों का उल्लेख करते हुए अधिकारियों ने कहा कि 95 फीसदी क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत की जा चुकी है। शहरी क्षेत्रों में पेयजल और बिजली आपूर्ति फिर से सामान्य हो गयी है। ग्रामीण क्षेत्रों में जनजीवन को पटरी पर लाने के लिए कार्य चल रहा है।

Exit mobile version