नई दिल्लीः टेलीवीजन का पॉपुलर गेम शो ‘कौन बनेगा करोड़पति’ का 10वां सीजन लगातार रंग जमाए हुए है। इस सीजन में जिसका दर्शकों को इंतजार रहता है वो आखिरकार आ ही गया। दरअसल इस शो को पहला करोड़पति मिल गया है। टीवी चैनल सोनी टीवी पर लगातार दिखाए जा रहे प्रोमो के मुताबिक गुवाहाटी (असम) की बिनीता जैन इस सीजन की पहली करोड़पति बनेंगी।

इस प्रोमो में दिखाया गया है कि बिनीता जैन 1 करोड़ रुपए के सवाल का सही जवाब देती हैं और वो यह राशि जीत लेती हैं। अमिताभ बच्चन पूरे उत्साह के साथ बिनीता को यह खुशखबरी देते नजर आ रहे हैं। इसके बाद बिनीता के सामने 7 करोड़ का सवाल रखा गया है। प्रोमो में दिखाया गया है कि बिनीता 7 करोड़ के सवाल का जवाब देने की कोशिश कर रही हैं। अब वो यह राशि जीत पाती हैं या नहीं इस पर सस्पेंस रखा गया है।

नियम के मुताबिक अगर बिनीता 7 करोड़ के सवाल का सही जवाब नहीं दे पाती हैं तो वो सीधे 3 लाख 20 हजार पर आ जाएंगी। अब दर्शकों को 1 और 2 अक्टूबर को आने वाले इस एपिसोड का इंतजार है। बता दें कि 4 सितंबर से शुरू हुए इस शो में अभी तक कोई कंटेस्टेंट 1 करोड़ रुपए नहीं जीत पाया है।