नई दिल्लीः प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटरेज ने बुधवार को दिल्ली में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान उन्हें यूएनईपी चैम्पियंस ऑफ द अर्थ अवॉर्ड दिया। इस मौके पर पीएम मोदी ने इस सम्मान के लिए यूएन का आभार जताया। उन्होंने कहा कि यह भारतीयों को दिया गया सम्मान है।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ‘संयुक्त राष्ट्र चैंपियंस ऑफ द अर्थ अवॉर्ड प्राप्त करने के बाद कहा कि यह पर्यावरण की सुरक्षा के लिए भारत की सवा सौ करोड़ जनता की प्रतिबद्धता का सम्मान है। यह भारत की उस नित्य नूतन, चिर पुरातन परंपरा का सम्मान है, जिसने प्रकृति में परमात्मा को देखा और जिसने सृष्टि के मूल में पंचतत्व के अधिष्ठान का आह्वान किया है ।

प्रधानमंत्री मोदी के साथ ही फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों को भी इस अवॉर्ड से नवाजा गया है। दोनों नेताओं को अंतरराष्ट्रीय सौर गठबंधन के संबंध में उनके प्रयासों और पर्यावरण कार्रवाई पर सहयोग बढ़ाने के लिए नीति नेतृत्व श्रेणी के तहत यह अवॉर्ड मिला है।

इसके साथ ही प्रधानमंत्री मोदी की 2020 तक भारत से एक बार उपयोग होने वाले प्लास्टिक को खत्म करने की प्रतिज्ञा को महत्वूपर्ण माना गया है। पर्यावरण के लिए वैश्विक समझौते पर फ्रांस के राष्ट्रपति मैक्रों को भी सराहा गया है। गौरतलब है कि चैंपियन ऑफ द अर्थ संयुक्त राष्ट्र का प्रतिष्ठित पर्यावरणी अवॉर्ड है।