नई दिल्ली : छ्त्तीसगढ़ में इस साल के अंत में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस शुक्रवार को अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर सकती है।खबर के मुताबिक, छत्तीसगढ़ के लिए उम्मीदवारों के संबंध में पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी की अध्यक्षता में कांग्रेस की केन्द्रीय चुनाव समिति (सीईसी) की शुक्रवार की शाम को बैठक होगी। इसके बाद ही चुनाव के लिए कांग्रेस के नामांकन की पहली लिस्ट जारी किए जाने की उम्मीद है।उम्मीदवारों की पहली सूची शुक्रवार की देर शाम आने की संभावना है। राहुल गांधी ने सीईसी का पुनर्गठन नहीं किया है, हालांकि उन्होंने कांग्रेस कार्य समिति (सीडब्ल्यूसी) में नए सदस्यों को नियुक्त किया है। यह पार्टी की सर्वोच्च निर्णायक इकाई है। सीईसी में सोनिया गांधी, मनमोहन सिंह, ए के एंटनी, अहमद पटेल, अंबिका सोनी, अशोक गहलोत, जर्नादन द्विवेदी,मोहसिना किदवई, ऑस्कर फर्नांडीस, मुकुल वासनिक, गिरिजा व्यास और वीरप्पा मोइली शामिल हैं। कांग्रेस नक्सल प्रभावित छत्तीसगढ़ में रमन सिंह सरकार को सत्ता से बेदखल करना चाहती है। राहुल गांधी ने छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस के लिए एक कोर समिति भी गठित की है जिसमें पार्टी के शीर्ष नेता पी एल पुनिया, भूपेश बघेल, टी एस सिंह देव, चरण दास महंत, अरविंद नेताम, कमला मनहर और ताम्रध्वज साहू को शामिल किया गया हैं।