नई दिल्लीः छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव के दूसरे और अंतिम चरण के तहत 72 विधानसभा सीटों पर मंगलवार सुबह 8 बजे मतदान शुरू हो गया। राज्य में ​मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय के अधिकारियों ने मंगलवार को यहां बताया कि सुबह आठ बजे राज्य के 19 जिलों की 72 ​विधानसभा सीटों में मतदान प्रारंभ हो गया।

अ​धिकारियों ने बताया कि दूसरे चरण में 1079 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। इसमें से 113 अनुसूचित जाति और 176 अनुसूचित जनजाति वर्ग के उम्मीदवार शामिल हैं। इसमें 119 महिला उम्मीदवार भी शामिल हैं।

उन्होंने बताया कि विधानसभा क्षेत्र बिन्द्रानवागढ़ के दो मतदान केन्द्रों आमामोरा और मोढ़ में सुबह सात बजे से दोपहर तीन तक बजे तक तथा शेष सभी विधानसभा क्षेत्रों के मतदान केंद्रों पर मतदान समय सुबह आठ बजे से शाम पांच बजे तक निर्धारित है।

अधिकारियों ने बताया कि दूसरे चरण में कुल मतदान केन्द्रों की संख्या 19336 है। इसमें संवेदनशील मतदान केन्द्र 444 और संगवारी मतदान केन्द्र 118 हैं। संगवारी मतदान केंद्रों पर मतदान दल की सभी सदस्य महिलाएं होंगी।

उन्होंने बताया कि आज हो रहे मतदान में कुल मतदाताओं की संख्या 1,54,00,596 है। जिसमें पुरुष मतदाता 77,53,337 और महिला मतदाता 76,46,382 हैं। वहीं तृतीय ​लिंग के 877 मतदाता हैं। मतदान संपन्न कराने के लिए 84688 मतदान कर्मियों को तैनात किया गया है।

व्यापक सुरक्षा इंतजाम
न्यूज एजेंसी भाषा की खबर के मुताबिक, अधिकारियों ने बताया कि शांतिपूर्ण और निष्पक्ष मतदान के लिए सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किये गए हैं। अर्धसैनिक बलों और पुलिस के लगभग डेढ़ लाख जवानों को तैनात किया गया है। राज्य के गरियाबंद, धमतरी, महासमुंद, कबीरधाम, जशपुर और बलरामपुर जिले के कुछ हिस्से नक्सल प्रभावित हैं। इन जिलों में सुरक्षा बल के जवानों को बड़ी संख्या में तैनात किया गया है।