नई दिल्लीः पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने केन्द्र की सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधा है। तृणमूल सुप्रीमो ने देश के कई जगहों के नाम बदले जाने पर बीजेपी का आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा- बीजेपी हिस्ट्री चेंजर है, नेम चेंजर है, नोट चेंजर है, इंस्टीट्यूशन चेंजर है लेकिन गेम चेंजर नहीं है।

ममता ने आगे कहा कि बीजेपी अपने आपको ऐसा पेश कर रही है जैसे उसने ही देश बनाया हो लेकिन आजादी के वक्त कहीं नहीं थी। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ने आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री की तारीफ की। उन्होंने कहा- चंद्रबाबू नायडू ने राज्य में सीबीआई को इजाजत न देकर बिल्कुल सही काम किया है।

गौरतरलब है कि पिछले एक साल में देश के कई चीजों के नाम बदले गए हैं। जिनमें रेलवे स्टेशन और जिला समेत कई चीजें शामिल है। बीजेपी के इस कदम की विपक्षी दलों ने कड़ी आलोचना की है।

हाल में बदले गए कई जगहों के नाम

गौरतलब है कि कुछ दिनों पहले ही उत्तर प्रदेश मंत्रिमंडल की बैठक में फैजाबाद मंडल का नाम बदल कर अयोध्या मंडल और इलाहाबाद मंडल का नाम बदल कर प्रयागराज मंडल किए जाने के फैसले पर मुहर लगा दी गयी। कैबिनेट ने मंडल के साथ जिलों का भी नाम बदला है।

इससे पहले, सीएम योगी आदित्यनाथ ने दीपोत्सव के दिन घोषणा की थी कि फैजाबाद जिला अब से अयोध्या के नाम से जाना जाएगा। मुख्यमंत्री ने राज्य की राजधानी लखनऊ से तकरीबन 120 किलोमीटर दूर स्थित इस तीर्थनगरी में कहा, ”अयोध्या हमारी ‘आन, बान और शान का प्रतीक है।

योगी आदित्यनाथ ने कहा था कि अयोध्या में नया मेडिकल कॉलेज बनाया जा रहा है और इसका नाम राजर्षि दशरथ पर रखा जाएगा। यहां पर बन रहे एयरपोर्ट का नाम मर्यादा पुरुषोत्तम श्री राम के नाम पर रखा जाएगा।उधर, अहमदाबाद का नाम भी बदलने पर विचार किया जा रहा है।