नई दिल्लीः सोशल मीडिया पर चल रहे अभियान दिग्विजय फॉर मुख्यमंत्री पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने मंगलवार को कहा कि वह मुख्यमंत्री पद के प्रत्याशी नहीं हैं।

ट्विटर पर सोमवार शाम को कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह को मुख्यमंत्री पद के लिए कांग्रेस का चेहरा बनाने की मांग करते हुए एक अभियान दिग्विजय फॉर सीएम शुरू किया गया है। इस अभियान पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए दिग्विजय ने मंगलवार को ट्वीट किया, ‘जिसने भी यह अभियान शुरू किया है, वह मेरा शुभचिंतक नहीं है। मैं मध्यप्रदेश का एक दशक तक मुख्यमंत्री रहा हूं और मेरे पहले दिए गए बयान कि मैं मुख्यमंत्री पद का प्रत्याशी नहीं हूं, से पीछे हटने का कोई प्रश्न ही नहीं है। मैं ऐसा नहीं हूं, जो कहें कुछ और करें कुछ और।’

दिग्विजय प्रदेश में वर्ष 1993 से 2003 तक दस साल तक मुख्यमंत्री रहे हैं। वह कई दफा यह बयान दे चुके हैं कि यदि कांग्रेस प्रदेश में अगला विधानसभा चुनाव जीतकर सत्ता में आती है तो वह मुख्यमंत्री पद की दौड़ में नहीं है। उल्लेखनीय है कि प्रदेश में इस साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने वाले है।