नई दिल्लीः तीर्थनगरी वृंदावन के एक होटल में बिहार के युवक-युवतियों ने पार्टी कर शराब पी फिर अश्लील डांस किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने होटल में छापा मारा। तीन दर्जन से अधिक लोगों को हिरासत में लिया और कुछ समय बाद निजी मुचलके पर छोड़ दिया। होटल मैनेजर ने घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई है।

शनिवार रात करीब साढ़े बारह बजे वृंदावन-छटीकरा मार्ग स्थित कृधा रेजीडेंसी होटल में बिहार की एक कंपनी ने पार्टी रूम बुक कराया। करीब आधा दर्जन लड़कियां और बिहार के विभिन्न इलाकों के रहने वाले 36 युवकों ने पार्टी की। तीर्थनगरी में प्रतिबंध के बावजूद जमकर शराब के दौर चले और उसके बाद अश्लील डांस होने लगा। शराब और पार्टी की सूचना पर सीओ सदर प्रीति सिंह पुलिस बल के साथ होटल पहुंची। पार्टी में शामिल सभी लड़कियों और लड़कों को हिरासत में लिया। पूछताछ की, जिसमें पता चला कि बिहार की कंपनी द्वारा किसी उत्पाद की लॉन्चिंग पार्टी आयोजित की गई थी। होटल के मैनेजर राजीव शांडिल्य ने पार्टी में शामिल बिहार के 36 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।

सीओ सदर प्रीति सिंह ने बताया कि होटल में पहले बैठक हुई। उसके बाद पार्टी में लड़कियों को लाए थे। अश्लील डांस की सूचना मिली थी। जिस पर पुलिस ने कार्रवाई की। होटल मैनेजर की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज की है।