नई दिल्लीः शुक्रवार सुबह हिमाचल प्रदेश के लाहौल-स्पीति के केलांग और पट्टन घाटी में जमकर बर्फबारी हुई है। इस बर्फबारी के बाद केलांग का नजारा स्वर्ग जैसा हो गया है। इसके साथ ही ठंड भी बढ़ गई है। आज सुबह हुई इस बर्फबारी से पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में ठंड बढ़ने के पूरे आसार दिखाई दे रहे हैं। फिलहार देश की राजधानी इस समय खतरनाक वायु प्रदूषण से जूझ रही है।

आज सुबह जम्मू-कश्मीर के पीर पंजाल में जमकर बर्फबारी हुई। जिससे जम्मू के तापमान में काफी गिरावट आई है। बता दें कि गुरुवार को जोजिला पास में हुई बर्फबारी के बाद श्रीनगर-लेह राजमार्ग बंद कर दिया गया। जोजिला पास लद्दाख क्षेत्र को कश्मीर घाटी से जोड़ता है। यातायात प्रबंधन के एक अधिकारी ने बताया कि एहतियातन राजमार्ग पर वाहनों की गतिविधियों को बंद कर दिया गया है। जोजिला पास पर भारी बर्फबारी के कारण श्रीनगर-लेह राजमार्ग पिछले साल नवंबर से अप्रैल तक करीब छह महीने के लिए बंद रहा था। मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों तक जम्मू एवं कश्मीर के पहाड़ी इलाकों में मध्यम बर्फबारी का पूर्वानुमान लगाया है।