नई दिल्लीः पूरे भारत के लिए आयुष्मान भारत स्वास्थ्य बीमा योजना का शुभारंभ झारखंड से हो रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 23 सितंबर को रांची के धुर्वा स्थित प्रभात तारा मैदान से इसकी शुरुआत करेंगे। मुख्यमंत्री रघुवर दास खुद तैयारी की मॉनिटरिंग कर रहे हैं। राज्य के वरिष्ठ अधिकारी लगातार आयोजन स्थल का दौरा कर रहे हैं। तैयारी अंतिम चरण में है।

फीट ऊंचा बनाया जा रहा है मंच
अलग-अलग ग्रुप में काम: दिन: शुक्रवार। स्थान: प्रभात तारा मैदान। समय: दिन के 12 बजे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रभात तारा मैदान पहुंचने में केवल 48 घंटे का समय बचा है। इससे पहले ही आयोजन स्थल पर उत्सवी माहौल दिख रहा है। अलग-अलग ग्रुप में मंच, साउंड सिस्टम, टीवी के लाइव प्रसारण, लोगों के बैठने की व्यवस्था आदि का काम चल रहा है।

मंच के सामने तीन ब्लाक में पंडाल लगाया गया है। वाटर प्रूफ पंडाल में कुर्सियां लगाई जा रही थीं। मंच के सामने दो सुरक्षा घेरा बनाया गया है। इसके बाद वीआईपी लोगों के बैठने की जगह होगी। वीआईपी के पीछे आम लोगों के बैठने के लिए जगह दी गई है। हर कुछ दूरी पर बीच-बीच में सुरक्षा का घेरा बनाया गया है। तीन पंडाल में एक लाख लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई है।

मंच के पीछे एक ओर प्रधानमंत्री के विश्राम के लिए टेंट हाउस बना है। विश्राम गृह की लंबाई-चौड़ाई लगभग 25 फीट है। इसमें अद्यतन स्टाइल का बाथरूम भी बनाया गया है। दूसरे किनारे पर एक छोटा हॉल बना है। इसमें पीएमओ के कार्यालय के काम के लिए व्यवस्था की गई है। मंच के ठीक पीछे एक बड़ा से हॉल बनाया गया है। यहां कांफ्रेस या बैठक की व्यवस्था की गई है।

शुक्रवार दोपहर लगभग एक दर्जन मजदूर मंच को अंतिम रूप देने में लगे थे। मंच लगभग 15 फीट ऊंचा बनाया जा रहा है। दोनों किनारे से उस पर चढ़ने के लिए सीढ़ियां बनाई गई हैं। मंच की लंबाई-चौड़ाई लगभग 2400 वर्ग फीट है। मंच को अभी अंतिम रूप दिया जा रहा है।