नई दिल्लीः हरियाणा के रोहतक जिले के गढ़ी सांपला में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को सर छोटूराम की 64 फुट ऊंची प्रतिमा का अनावरण किया। इसके साथ ही पीएम मोदी ने पुष्प अर्पित कर किसानों के मसीहा रहबर-ए-आज़म को नमन भी किया। सर छोटू राम की प्रतिमा हरियाणा की सबसे ऊंची मूर्ति है। इसे अष्टधातु से बनाया गया है। इस मूर्ति को राम सुतार ने बनाया है। प्रतिमा का अनावरण करने के बाद प्रधानमंत्री मोदी सर छोटू राम संग्रहालय का अवलोकन भी किया।

प्रतिमा का अनावरण करने के बाद प्रधानमंत्री ने सोनीपत में बनने वाले रेल कोच नवीनीकरण कारखाना का शिलान्यास भी किया। इसके बाद प्रधानमंत्री दीनबंधु स्मृति रैली को भी संबोधित करते हुए पीएम मोदी कहा कि ये मेरा सौभाग्य है कि उसी सांपला में मुझे ‘किसानों की आवाज, किसानों के मसीहा, रहबर-ए-आजम, दीनबंधु चौधरी छोटूराम जी’ की इतनी भव्य और विशाल प्रतिमा का अनावरण करने का अवसर मिला। उन्होंने कहा कि हमारे देश में समय-समय पर ऐसी महान विभूतियां जन्म लेती रही हैं, जो अपना पूरा जीवनकाल सिर्फ और सिर्फ समाज की सेवा और देश को दिशा दिखाने में समर्पित कर देती हैं। चौधरी छोटूराम जी देश के उन समाज सुधारकों में थे, जिन्होंने भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वो किसानों, मज़दूरों, वंचितों, शोषितों की बुलंद और मुखर आवाज थे।

मोदी ने कहा कि उन्होंने कृषि से जुड़ी समस्याओं, किसानों, छोटे उद्यमियों के सामने आने वाली विपत्तियों, चुनौतियों को बहुत करीब से देखा समझा और उन चुनौतियों को कम करने का प्रयास भी किया।