
जम्मू कश्मीर सरकार ने आज राज्य की शीतकालीन राजधानी जम्मू से अपना कामकाज शुरू कर दिया। श्रीनगर राज्य की ग्रीष्मकालीन राजधानी है।
‘दरबार स्थानांतरण’ की यह प्रक्रिया स्वतंत्रता के पहले से चली आ रही है।
मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने यहां राज्य सरकार के प्रमुख के रूप में गार्ड ऑफ ऑनर का निरीक्षण किया। इसके बाद नागरिक सचिवालय, राजभवन, पुलिस मुख्यालय और अन्य कार्यालयों ने यहां से कामकाज करना शुरू कर दिया।
एक ओर जहां जम्मू में सरकारी कार्यालय फिर से खुले वहीं पीडीपी…भाजपा गठबंधन सरकार की ओर से अपने मुद्दों का समाधान न किए जाने को लेकर एक व्यापारी संघ ने आंशिक हड़ताल की। कांग्रेस ने भी अपने मुद्दों को लेकर विरोध प्रदर्शन किया।
शिक्षा राज्य मंत्री प्रिया सेठी के साथ मुख्यमंत्री ने दरबार स्थानांतरण के पहले दिन कर्मचारियों के साथ मुलाकात की।
उप मुख्यमंत्री डॉक्टर निर्मल सिंह ने बताया, ‘‘दरबार स्थानांतरण के बाद यहां पर कार्यालय खुल गये और हम यह सुनिश्चित करने की उम्मीद करते हैं कि हम राज्य के लोगों के लिए सबसे अच्छा संभावित प्रशासन ले कर आए हैं।’’ उन्होंने कहा कि सरकार सभी मोर्चों पर बेहतरीन संभावित विकास के लिए तीनों क्षेत्रों के सभी इलाकों में सभी वर्ग के लोगों तक पहुंचेगी।
नागरिक सचिवालय और ‘दरबार स्थानांतरण’ के अन्य कार्यालय गर्मी में छह महीने श्रीनगर से और साल के शेष छह महीने जम्मू से कामकाज संभालते हैं।
महाराज गुलाब सिंह ने सर्दी से बचने के लिए जम्मू से प्रशासन चलाने और गर्मी से बचने के लिए श्रीनगर से प्रशासन चलाने की खातिर 1872 में ‘दरबार स्थानांतरण’ की शुरूआत की थी।
जम्मू के व्यापारियों के प्रदर्शनों और हड़ताल को देखते हुये नागरिक सचिवालय के आसपास और उस ओर जाने वाली सड़कों पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है तथा अवरोधक लगा दिये गये हैं।
( Source – PTI )