
कांग्रेस नेता सुनील जाखड़ ने गुरदासपुर लोकसभा सीट के लिए हुए उपचुनाव में आज अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी भाजपा के सवर्ण सिंह सलारिया को 1,93,219 मत के अंतर से पराजित किया।
निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि जाखड़ को 4,99,752 जबकि सलारिया को 3,06,533 मत प्राप्त हुए।
आम आदमी पार्टी उम्मीदवार मेजर जनरल (सेवानिवृत्त) खजुरिया 23,579 मत के साथ तीसरे स्थान पर रहे।
यह सीट भाजपा सांसद विनोद खन्ना के इस साल अप्रैल में निधन के कारण खाली हो गया था।
कांग्रेस ने वर्ष 2009 में यह सीट जीती थी। उस समय कांग्रेस उम्मीदवार प्रताप सिंह बाजवा ने खन्ना को हराया था।
खन्ना ने 1998, 1999, 2004 और 2014 में इस सीट पर जीत दर्ज की थी।
चुनाव जीतने के बाद जाखड़ ने मतदाताओं को धन्यवाद कहा। वह प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष भी हैं।
जाखड़ ने कहा, ‘‘इस जीत के साथ लोगों ने अमरिंदर सिंह के नेतृत्व में अपने विश्वास की फिर से पुष्टि की है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘यह कांग्रेस और कैप्टन अमरिंदर सिंह की जीत है।’’ जाखड़ को बधाई देते हुए पंजाब के मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने कहा कि यह विकास के एजेंडे की जीत है।
रुझानों में कांग्रेस नेता को बड़ी बढ़त मिलते देख कांग्रेस कार्यकर्ता चंडीगढ़ स्थित पार्टी कार्यालय में इकट्ठा हुए। उन्होंने मिठाई बांटी और खुशी से झूमते नजर आए।
संवाददाताओं से बातचीत में राज्य के कैबिनेट मंत्री नवजोत सिंह सिद्धू ने कहा, ‘‘हम लोगों ने पार्टी उपाध्यक्ष राहुल गांधी को लाल रिबन में पैक करके दिवाली का उपहार भेंट किया है क्योंकि यह आगे की राह तय करेगा…।’’ सिद्धू ने कहा, ‘‘यह ‘जीजा-साले’ (शिअद प्रमुख सुखबीर बादल और बिक्रम सिंह मजीठिया) के चेहरे पर बड़ा तमाचा है। आज भाजपा यह समझ जाएगी कि अकाली दल पंजाब में बड़ा बोझ बन गया है। बार-बार लोगों ने उनको याद दिला दी है…।’’ भाजपा और आप दोनों ने कांग्रेस पर उपचुनाव में जीत के लिए सत्ता के दुरुपयोग का आरोप लगाया।
पंजाब भाजपा के सचिव विनीत जोशी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने उपचुनाव में आधिकारिक तंत्र का दुरुपयोग किया।
आप उम्मीदवार लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) सुरेश खजूरिया ने कांग्रेस पर उपचुनाव के लिए ‘अलोकतांत्रिक तरीके’ अख्तियार करने का आरोप लगाया।
इस सीट पर 11 अक्तूबर को हुए उपचुनाव में 56 फीसदी मतदान हुआ जो वर्ष 2014 के आम चुनावों में हुए 70.03 फीसदी मतदान के मुकाबले कम है।
यहां दो मतगणना केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा के बीच आज सुबह आठ बजे मतों की गिनती शुरू हुई। कांग्रेस उम्मीदवार जाखड़ शुरुआत से ही अपने प्रतिद्वंद्वियों से काफी आगे चल रहे थे। यह क्रम आखिर तक जारी रहा और मतों का अंतर बढ़ता रहा। उन्होंने सभी नौ विधानसभा क्षेत्रों में अपनी बढ़त कायम रखी।
( Source – PTI )